राजगढ़। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय घणाऊ, तहसील सिद्धमुख की कक्षा 10 की तहसील टॉपर छात्रा तमन्ना पुत्री श्री अभिषेक जांगिड़ को विज्ञान विषय में 100 में से 100 अंक प्राप्त करने पर विद्यालय के उप्राचार्य श्री गजेंद्र सिंह बौद्ध द्वारा विशेष प्रोत्साहन स्वरूप हवाई जहाज यात्रा करवाई गई। दिनांक 10 मई 2026 को हिसार से दिल्ली तक आयोजित इस विशेष यात्रा में छात्रा तमन्ना, उनके पिता श्री अभिषेक जांगिड़, माता श्रीमती सुनीता जांगिड़ सहित कुल 9 यात्रियों ने भाग लिया।

विशेष बात यह रही कि 10 मई को मनाए गए मदर्स डे के अवसर पर उप्राचार्य श्री गजेंद्र सिंह बौद्ध ने अपनी माताजी को भी यह हवाई यात्रा उपहार स्वरूप भेंट की। मातृ सम्मान एवं शिक्षा प्रोत्साहन का यह अनूठा संगम सभी के लिए प्रेरणादायी बना।




यात्रा के दौरान भारत की राजधानी दिल्ली के प्रमुख ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों जैसे लाल किला, जामा मस्जिद, इंडिया गेट आदि का भी भ्रमण करवाया गया। सभी यात्रियों ने पहली बार हवाई यात्रा एवं दिल्ली भ्रमण का रोमांचक अनुभव प्राप्त किया। विद्यार्थियों ने देश की ऐतिहासिक धरोहरों को करीब से देखकर गौरव एवं उत्साह का अनुभव किया।
यह उपलब्धि केवल छात्रा तमन्ना के लिए ही नहीं, बल्कि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय घणाऊ एवं पूरे ग्राम क्षेत्र के लिए भी गौरव का क्षण रही। ग्रामीण परिवेश से निकलकर एक छात्रा द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में इतनी उत्कृष्ट उपलब्धि प्राप्त करना क्षेत्र की अन्य बालिकाओं एवं विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है।
विद्यालय परिवार ने कहा कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती, बल्कि मेहनत, लगन एवं सही मार्गदर्शन से बड़े सपनों को भी साकार किया जा सकता है। छात्रा की इस सफलता से विद्यालय में उत्साह एवं खुशी का वातावरण बना हुआ है। ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने भी इस पहल की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक सकारात्मक संदेश बताया।
उल्लेखनीय है कि कार्यालय मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, समग्र शिक्षा राजगढ़ (चूरू) द्वारा कक्षा 10 एवं 12 में 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का ब्लॉक स्तरीय सम्मान समारोह आयोजित किया गया था। कार्यक्रम का आयोजन मोहता ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, राजगढ़ (चूरू) के सौजन्य से किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपखंड अधिकारी राजगढ़ श्री मनोज खेमादा रहे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता सीबीईओ राजगढ़ डॉ. सुमन जाखड़ ने की। समारोह में विभिन्न विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में छात्रा तमन्ना को 96.67 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तहसील टॉपर बनने पर सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यालय के संस्था प्रधान श्री रोहताश सिहाग एवं उप्राचार्य श्री गजेंद्र सिंह बौद्ध को भी सम्मान प्राप्त हुआ।
पूरे विद्यालय परिवार की ओर से छात्रा तमन्ना को उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं प्रेषित की गईं तथा उसके जीवन में निरंतर सफलता, प्रगति एवं नए आयाम स्थापित करने की कामना की गई।
