जैसलमेर। बढ़ती गर्मी और तेज तपिश के बीच पक्षियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से भानु सेवा संस्थान द्वारा “हर घर परिंडा अभियान” चलाया जा रहा हैं। अभियान के तहत शहर के विभिन्न मोहल्लों, घरों एवं सार्वजनिक स्थानों पर परिंडे बांधकर उनमें पानी भरने की व्यवस्था की गई।


संस्थान के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने लोगों को पक्षियों के प्रति संवेदनशील बनने का संदेश देते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में पानी के अभाव में कई पक्षियों की जान चली जाती है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर एवं आसपास परिंडा लगाकर नियमित रूप से स्वच्छ पानी भरना चाहिए।


अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने आमजन को पर्यावरण संरक्षण और जीव-दया का महत्व बताते हुए अधिक से अधिक लोगों को इस मुहिम से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। स्थानीय नागरिकों ने भी अभियान की सराहना करते हुए परिंडे लगाने और पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करने का संकल्प लिया।


संस्थान ने बताया कि गर्मी के मौसम में यह अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि भीषण गर्मी में पक्षियों को राहत मिल सके और समाज में जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता बढ़े।
संस्थान संरक्षक दमाराम मेघवाल ने कहा कि बढ़ती गर्मी में पक्षियों को पानी उपलब्ध कराना मानवता और सेवा का कार्य है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर के बाहर एक परिंडा लगाए तो हजारों पक्षियों को राहत मिल सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *