जालौर । जिला प्रशासन जालौर एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के निर्देशन में ग्रामीण उत्थान मानव संस्थान द्वारा संचालित नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र, रमेश कॉलोनी, जालौर में 26 जून को अंतरराष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस पर एक दिवसीय विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं एवं आमजन से नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व उपसभापति अम्बालाल व्यास ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक होकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश देते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता बताई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्रामीण उत्थान मानव संस्थान के अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय बिश्नोई महासभा के विशिष्ट आमंत्रित सदस्य रामेश्वर लाल बिश्नोई ने की। उन्होंने बताया कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज पर नकारात्मक प्रभाव डालता है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र में आने वाले लाभार्थियों को परामर्श, उपचार एवं पुनर्वास सहित सभी आवश्यक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं।

संस्था के मेडिकल ऑफिसर डॉ. शान्तिलाल माथुर ने अपने संबोधन में कहा कि नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाना ही बेहतर भविष्य की कुंजी है। उन्होंने समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने तथा युवाओं को नशे से बचाने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि एवं जालौर ब्लड डोनर ग्रुप के जिला संरक्षक नितेश भटनागर ने कहा कि नशा व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक, आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर बना देता है। उन्होंने जरूरतमंद लोगों को नशा मुक्ति केंद्र की सेवाओं का लाभ लेने तथा सभी से नियमित रक्तदान करने की अपील की।

संस्था के परियोजना समन्वयक हीरालाल चौधरी ने कहा कि नशीले पदार्थों का सेवन स्वास्थ्य के साथ-साथ अपराध एवं सामाजिक विघटन का भी प्रमुख कारण है। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को नशे से दूर रहने और समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने का संकल्प दिलाया।

कार्यक्रम में एम. के. जोशी, दिनेश कुमार माली सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सुरेश कुमार बिश्नोई ने किया। अंत में उपस्थित अतिथियों एवं जनसमूह को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा पोस्टर का विमोचन किया गया।

इस अवसर पर नर्सिंग कर्मचारी मुकेश कुमार दहिया, तेजाराम जीनगर, परामर्शदाता पवन कुमार शर्मा, सीताराम सारण, हडमत सिंह, वरिंगराम, कुलदीप, पार्वती, रूपा देवी, जितेन्द्र कुमार, गोविंद, सुशील, फुसाराम सहित छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी का आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *