सांचौर। मंजिल उन्हीं को मिलती है जिनके सपनों में जान होती है पंखों में कुछ नहीं होता है हौसलों में उड़ान होती हैं ऐसा हि कुछ कर दिखाया जालोर जिले के सांचौर क्षेत्र के करावड़ी गांव निवासी महेंद्र कुमार पांचल ने। जिन्होंने राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) भर्ती 2024 में चयनित होकर जिला और सांचौर -चितलवाना क्षेत्र व मेघवाल समाज का नाम रोशन किया है। वे सांचौर क्षेत्र से मेघवाल समाज के पहले आरएएस अधिकारी बने हैं, जिससे पूरे इलाके में खुशी और गर्व का माहौल है।

महेंद्र कुमार के पिता रमेश पांचल
राउमावि मालवाड़ा में वरिष्ठ अध्यापक हैं,जबकि माता भंवरी देवी गृहिणी हैं। छोटा भाई
डॉक्टर विनीश कुमार एमबीबीएस हैं।

महेंद्र की प्रारंभिक शिक्षा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय करावड़ी से हुई। शुरू से ही मेधावी रहे महेंद्र ने 10वीं में 94.50 प्रतिशत अंक और 12वीं में 89.60 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। 10वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जालोर जिला मेरिट में तृतीय स्थान हासिल किया,जिस पर तत्कालीन जिला कलेक्टर जितेंद्र कुमार सोनी द्वारा सम्मानित किया गया।
उन्होंने वर्ष 2022 में बीएससी (PCM) से स्नातक किया। बी.टेक कंप्यूटर विज्ञान की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रशासनिक सेवा में जाने का लक्ष्य तय कर लिया और तकनीकी क्षेत्र छोड़कर सिविल सेवा की तैयारी शुरू कर दी।
महेंद्र ने वर्ष 2023 में RAS परीक्षा का पहला प्रयास किया,जिसमें वे प्री परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद मुख्य परीक्षा में मात्र 2 अंकों से पीछे रह गए। इसके बाद उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार तीन वर्षों तक सेल्फ स्टडी के माध्यम से तैयारी जारी रखी। वर्ष 2024 की आरएएस भर्ती में उन्होंने दूसरे प्रयास में सफलता हासिल करते हुए एससी वर्ग में 68वीं रैंक और ओवरऑल राज्य मेरिट में 1634वीं रैंक प्राप्त कर अंतिम चयन सुनिश्चित किया।
अपनी सफलता का श्रेय महेंद्र ने अपने माता-पिता, गुरुजनों, मामा और मित्रों को दिया है। उन्होंने कहा कि सांचौर क्षेत्र में मेघवाल समाज से आरएएस अधिकारी नहीं होने की बात ही उनके लिए सबसे बड़ी प्रेरणा बनी।
महेंद्र कुमार ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता,धैर्य और साहस सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे निर्णय साहस और ईमानदारी से लें, चाहे परिस्थितियां कैसी भी हों, यदि लक्ष्य स्पष्ट है तो सफलता निश्चित मिलती हैं।
महेंद्र की इस उपलब्धि पर मेघवाल समाज और शिक्षाविदों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
रिपोर्ट अरविन्द डाभी चितलवाना
