चौमूं (सुरेन्द्र सिंह हरसोलिया)। शहर के बाई का बास स्थित शेखावतों की ढाणी में सर्व समाज सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियों को लेकर सरपंच प्रशासक सुल्तान बुनकर की अध्यक्षता में बैठक हुई।

दृष्टि दिशा फाउंडेशन के अध्यक्ष नरेंद्र तंवर ने बताया कि फाउंडेशन द्वारा आगामी सर्व समाज सामूहिक विवाह सम्मेलन को सफल बनाने हेतु व्यापक चर्चा की गई तथा जनसंपर्क और संगठन विस्तार के लिए विभिन्न गांवों की जिम्मेदारियां पदाधिकारियों को सौंपी गईं।
सम्मेलन के प्रचार-प्रसार एवं जनसंपर्क के लिए बाई का बास, नया बास, मंडा, गोपीनाथ बावड़ी, गोरी का बास, सबलपुरा, डोला का बास, घिनोई एवं कांदरपुरा सहित विभिन्न गांवों की जिम्मेदारी सहसंयोजक गणेश नारायण बगवाडिया, सुखराम डूंडलोदिया, सरपंच प्रशासक सुल्तान बुनकर को सौंपते हुए अधिकाधिक लोगों को सम्मेलन से जोड़ने का आह्वान किया।
सम्मेलन संयोजक एडवोकेट धर्मेंद्र घसिया, सहसंयोजक गणेश नारायण बगवाडिया ने कहा कि सामूहिक विवाह सम्मेलन सामाजिक समरसता, भाईचारे और आर्थिकु सहयोग का एक सशक्त माध्यम है। सभी समाजबंधुओं से सम्मेलन को सफल बनाने के लिए तन-मन-धन से सहयोग करने की अपील की गई।
सभी सदस्यों ने सम्मेलन को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने का संकल्प लिया।
इस दौरान सुखराम डूंडलोदिया, हेमराज हरसोलिया, बंशीधर महरड़ा आदि मौजूद रहे।
