हनुमानगढ़। गौरतलब है कि राजस्थान शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ द्वारा समय-समय पर अपनी मांगों के लिए सरकार का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की है। 21 मार्च को संभाग स्तरीय शारीरिक शिक्षक स्नेह मिलन कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री व आयोजन सचिव देवेंद्र सिंह सिद्धू, संघ के मुख्य संरक्षक आत्माराम बेनीवाल, पूर्व अध्यक्ष जनक सिंह तथा वर्तमान जिला अध्यक्ष विक्रम बेनीवाल के नेतृत्व में शारीरिक शिक्षक संघ ने अपना मांग पत्र हनुमानगढ़ भाजपा जिला अध्यक्ष प्रमोद डेलू को सौंपा था। कार्यक्रम में श्री डेलू द्वारा शारीरिक शिक्षकों को यह आश्वासन दिया गया था कि आपकी मांगों को मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री के समक्ष रखूंगा। इसी क्रम में उन्होंने मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को शारीरिक शिक्षकों के स्थानांतरण तथा पदोन्नति की समस्याओं के लिए कमेटी बनाकर के हल निकालने हेतु पत्र लिखा है।
राजस्थान शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ के प्रदेश मंत्री देवेंद्र सिंह सिद्धू ने बताया की तृतीय श्रेणी शारीरिक शिक्षा अध्यापकों के स्थानांतरण सामान्य तृतीय श्रेणी शिक्षकों से अलग किए जाएं इसके लिए पूरे राजस्थान में जनप्रतिनिधियों के माध्यम से सरकार को अवगत करवाया जाएगा और अगर जरूरत पड़ी तो इसके लिए आंदोलन भी किया जाएगा। श्री सिद्धू ने बताया कि तृतीय श्रेणी शारीरिक शिक्षा अध्यापक राजस्थान लोक सेवा आयोग तथा कर्मचारी चयन बोर्ड के माध्यम से चयनित होकर के लगे हैं, भर्ती में उनकी मेरिट राज्य स्तर पर बनी थी, तृतीय श्रेणी शारीरिक शिक्षक की टूर्नामेंट में ड्यूटी एक जिले से दूसरे जिले में लगाई जा सकती है। इसको आधार मानते हुए शारीरिक शिक्षकों के स्थानांतरण अलग से प्राथमिकता से किए जाएं।

शारीरिक शिक्षकों की पदोन्नति के बारे में प्रदेश महामंत्री नवदीप शर्मा तथा कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष श्रवण बिश्नोई ने बताया कि संवर्ग के प्रमोशन बहुत ही धीमी गति से हो रहे हैं इसके लिए सरकार को प्रसंज्ञान लेना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि शारीरिक शिक्षकों को समय-समय पर उनका प्रमोशन रूपी अधिकार मिले।
