ज्ञापन में कार्यवाहक डीजीपी डॉ. मेहरड़ा को नियमित डीजीपी नियुक्त करने एवं सेवानिवृत्त पश्चात राजकीय सेवा में विस्तार करने की मांग

• जागो हुक्मरान न्यूज
चौमूं | शहर में बलाई विकास समिति जयपुर (मुख्यालय-चौमूं) के अध्यक्ष एडवोकेट बद्री नारायण परिहार की अध्यक्षता में समिति के पदाधिकारी एवं समाज बंधुओ ने उपखंड अधिकारी को राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम ज्ञापन सौंपा।
समिति अध्यक्ष एडवोकेट बद्रीनारायण परिहार व महासचिव सुरेन्द्र सिंह हरसोलिया ने ज्ञापन में बताया कि भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो राजस्थान के महानिदेशक डॉ. रवि प्रकाश मेहरड़ा, आईपीएस को राजस्थान सरकार द्वारा 10 जून 2025 को कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक राजस्थान का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। इस प्रकार आजादी के 77 वर्ष बाद अनुसूचित जाति के अधिकारी को वर्तमान सरकार द्वारा राजस्थान पुलिस में सबसे बड़े पद पुलिस महानिदेशक के पद को पहली बार सुशोभित करने का अवसर प्रदान किया गया है। राजस्थान का अनुसूचित जाति वर्ग हेतु मुख्यमंत्री राजस्थान सरकार का आभारी है।

कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक का नाम सरकारी रिकॉर्ड में पुलिस महानिदेशक के रूप में दर्ज नहीं होता है और यहां तक की पुलिस महानिदेशक कार्यालय में पूर्व पुलिस महानिदेशक के नाम दर्शाने वाले बोर्ड पर भी कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक का नाम अंकित नहीं किया जाता है। इस कारण राजस्थान सरकार के इस सकारात्मक निर्णय का व्यापक प्रभाव परिलक्षित नहीं हो पाएगा। फिर भी राजस्थान सरकार के इस सकारात्मक कदम से अनुसूचित जाति वर्ग में यह आशा जागृति हुई है कि भारतीय पुलिस ईमानदार, कर्तव्य निष्ठा अधिकारी डॉ. रवि प्रकाश मेहरड़ा को वर्तमान सरकारी नियमों में शिथिलता प्रदान करते हुए पुलिस महानिदेशक राजस्थान के नियमित पद पर भी नियुक्त करने का शाश्व कदम वर्तमान राजस्थान सरकार उठा सकती है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो राजस्थान के महानिदेशक एवं कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक डॉ. रवि प्रकाश मेहरड़ा 30 जून 2025 को सेवानिवृत पश्चात 1 जुलाई 2025 से आगे राजकीय सेवा विस्तार प्रदान करते हुए पुलिस महानिदेशक राजस्थान के नियमित पद पर नियुक्त करने की बलाई विकास समिति जयपुर (मुख्यालय-चौमूं) राजस्थान सरकार के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मांग करती है।
इस मौके पर समिति के उपाध्यक्ष एडवोकेट राधेश्याम बुनकर, सचिव राजेंद्र प्रसाद, कार्यकारिणी सदस्य कैलाश चंद लाखीवाल, समिति के पूर्व अध्यक्ष नेमीचंद पंवार, पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट धर्मेंद्र कुमार घसिया, एलआईसी डीओ सुरेश कुमार महरिया, एडवोकेट कैलाश चंद्र वर्मा, एडवोकेट रोशनलाल वर्मा, एडवोकेट हंसराज कांदेला आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट: सुरेन्द्र सिंह हरसोलिया
