दिलीप मेघवाल ने 94.33 प्रतिशत और कविता जोशी ने 94.00 प्रतिशत अंक प्राप्त कर बढ़ाया नैहड़ क्षेत्र का मान।

• जागो हुक्मरान न्यूज

चितलवाना | राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, अजमेर द्वारा घोषित दसवीं बोर्ड परीक्षा परिणामों में जालोर जिले के सीमावर्ती नैहड़ क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पूरे जिले में कीर्तिमान स्थापित किया है। कम भौतिक सुविधा और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद यहां के विद्यार्थियों ने सफलता का परचम लहराकर यह सिद्ध कर दिया कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। अगर जज्बा, जुनून और हौंसला हो तो मंजिलें प्राप्त की जा सकती हैं। चाहे कितनी भी विकट परिस्थिति क्यों ना हो।
ऐसा हि कुछ कर दिखाया नैहड़ ने होनहारों ने। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय केसूरी के छात्र दिलीप कुमार,पिता कानाराम मेघवाल भादरूण ने 94.33 प्रतिशत अंक अर्जित कर जिले में परचम लहराया हैं वहीं,राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भाटकी की छात्रा कविता जोशी,पिता रतनाराम जोशी बालेरा ने 94.00 प्रतिशत अंक प्राप्त कर नैहड़ क्षेत्र में बालिका शिक्षा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। भाटकी पीईईओ देवराज चौधरी ने छात्रा कविता की सफलता पर खुशी व्यक्त करके बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
वही,विद्यार्थियों की सफलता पर पूरे नैहड़ क्षेत्र में खुशी लहर हैं। ग्रामीणों, शिक्षकों एवं जनप्रतिनिधियों ने होनहार विद्यार्थियों को बधाइयाँ दीं और उज्ज्वल भविष्य की कामनाएँ दी। जहां एक ओर बोर्डर सीमावर्ती नैहड़ क्षेत्र में अब भी गांव-ढाणियों में सड़क,बिजली,पानी जैसी आधारभूत सुविधाओं का अभाव है,वहीं लूनी नदी के बहाव क्षेत्र में होने के कारण कई विद्यालय बाढ़ और आवागमन की समस्याओं से प्रभावित रहते हैं। ऐसे कठिन हालातों में इन विद्यार्थियों द्वारा प्राप्त किया गया यह परिणाम जालोर-सांचौर जिले के लिए गर्व का विषय है। नैहड़ क्षेत्र के सरकारी विद्यालय अब सांचौर-जालोर जिले के नामी निजी विद्यालयों को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। यह सफलता समर्पण, कठिन परिश्रम और बुलंद हौंसले की मिसाल बनकर उभरी है।

रिपोर्ट : अरविंद डाभी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *