जैसलमेर । भानु सेवा संस्थान के संरक्षक एवं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दव जिला जैसलमेर में कार्यरत अध्यापक दमाराम मेघवाल ने अपने सुपुत्र कमलेश कुमार का विवाह सामाजिक सरोकार और सादगी के साथ सम्पन्न कर एक प्रेरणादायक मिसाल पेश की।


यह विवाह केवल पारिवारिक उत्सव तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज सेवा का भी माध्यम बना। एका निवासी बिजलराम के पौत्र कमलेश कुमार के विवाह अवसर पर विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं सेवा संस्थाओं को आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया।


समारोह के दौरान मेघवाल समाज शिक्षण संस्थान, फलोदी को 21,000 रुपये की सहायता दी गई। इसके साथ ही राजकीय प्राथमिक विद्यालय कासम खान की ढ़ाणी एका को विकास कार्यों के लिए 5,100 रुपये, शिक्षक संघ प्रथम लेवल, जिला जैसलमेर को 5,100 रुपये, बाबा साहब अंबेडकर विकास कमेटी, रामदेवरा को 5,100 रुपये तथा रक्तदान शिविर आयोजन नेत्रकुंभ रामदेवरा में सहयोग हेतु प्रेम कुमार भाटिया को 5100 रूपए की राशि सहयोग स्वरूप प्रदान की गई।


विवाह समारोह में पधारे अतिथियों का गोगली परिवार एवं भानु सेवा संस्थान के कार्यकर्ताओं द्वारा शोल ओढ़ाकर सम्मान किया गया। पूरे आयोजन में सादगी, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की झलक दिखाई दी।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए कहा कि विवाह जैसे आयोजनों को यदि सामाजिक सरोकार से जोड़ा जाए तो समाज में सकारात्मक बदलाव संभव है। भानु सेवा संस्थान द्वारा किए जा रहे जनहित कार्यों की भी सभी ने प्रशंसा की।
यह विवाह समारोह समाज के लिए एक संदेश बनकर सामने आया कि खुशियों के अवसर पर जरूरतमंदों और संस्थाओं की मदद कर एक नई परंपरा स्थापित की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *