बहुजन जन-जाग्रति मिशन के तहत “आओ चले गाँवों की चौपाल में” कार्यक्रम का आगाज़ 1 जून 2025 से होगा

• जागो हुक्मरान न्यूज
साँचौर | अम्बेडकर सेवा समिति की महत्त्वपूर्ण बैठक अम्बेडकर उद्यान बी ढाणी साँचौर में अध्यक्ष नरेश पातलिया की अध्यक्षता में आयोजित हुई ।
सेवा समिति के महासचिव कानाराम पारीक ने बताया कि अम्बेडकर सेवा समिति व सम वैचारिक संगठनों के तत्वावधान में बहुजन जन-जाग्रति मिशन के तहत गाँवों में शिक्षा को बढ़ावा देने, नशामुक्त समाज बनाने, रोजगार के अवसर पाने, अत्याचार के खिलाफ लड़ने, मृत्युभोज पूर्णतया बंद करवाने, अंधविश्वास, पाखंड व सामाजिक बुराइयों को जड़ से मिटाने तथा ग्रामीण क्षेत्र में अम्बेडकर सेवा समिति की ग्रामीण इकाइयों का गठन कर सेक्टर बनाने के बारे में विचार-विमर्श करके निर्णय लिया गया ।
अध्यक्ष नरेश पातलिया ने बताया कि गाँवों में शिक्षा के स्तर को बढ़ाने हेतु समयानुरूप सामाजिक ढाँचें में सुधार लाना जरूरी है । क्योंकि शिक्षा के महत्त्व को जब तक नहीं समझ पाएँगे, तब तक पिछड़े, दबे-कुचले वर्ग में शिक्षा का स्तर बढ़ नहीं सकता ।

पूर्व अध्यक्ष नेमीचंद खोरवाल ने बताया कि समाज में फैली नशा प्रवृत्ति को मिटाकर नया सजग समाज बनाने के लिए युवाओं को सहयोग करना होगा । क्योंकि युवा वर्ग किसी भी समाज की दशा व दिशा बदल सकते हैं ।
विधि सलाहकार राजेन्द्र हिंगड़ा ने कहा कि एससी व एसटी वर्ग को गाँवों में संगठित होकर एकता की मिसाल पेश करने की जरूरत है । क्योंकि अन्याय व अत्याचार के खिलाफ़ अकेले लड़ नहीं सकते हैं ।
इस अवसर पर जयंतीलाल धोरावत सहायक निदेशक लॉर्ड बुद्धा महाविद्यालय, रूपाराम परमार संगठन मंत्री, मेवाराम बाजक पूर्व महासचिव, रमेशकुमार परमार पंचायत समिति सदस्य, दमाराम खानवत, दिनेशकुमार बुनकर, सतीशकुमार धोरावत, मुकेशकुमार परमार, हीराराम हिंगड़ा आदि कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे ।
रिपोर्ट: अरविंद डाभी
