जैसलमेर में सक्षम एवं भानु सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर आयोजित, पूर्व विधायक रूपाराम मेघवाल ने सेवा कार्यों की सराहना की


जैसलमेर। स्वर्गीय भवानी शंकर ‘भानु’ की पुण्य स्मृति में सक्षम जैसलमेर एवं भानु सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बाड़मेर विभाग सहसंघचालक अमृतलाल दैया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है, क्योंकि इससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति को जीवनदान मिलता है। रक्तदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने और भ्रांतियों को दूर करने की आवश्यकता है।


कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित स्वरूप शर्मा के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एम.डी. सोनी, अमृतलाल दैया, समाजसेवी ग्वालदास गोयदानी, डॉ. जे.आर. पंवार एवं भानु सेवा संस्थान फलोदी के संरक्षक दमाराम सहित अतिथियों ने महापुरुषों एवं स्वर्गीय भवानी शंकर भानु के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलित कर श्रद्धांजलि अर्पित की।


पूर्व विधायक रूपाराम मेघवाल ने की सेवा कार्यों की सराहना
शिविर में पूर्व विधायक रूपाराम मेघवाल ने भाग लेकर सक्षम संस्था के कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने जरूरतमंद एवं वंचित वर्ग के लिए संस्था की ओर से किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की। साथ ही, संस्था की ओर से प्रत्येक माह के प्रथम रविवार को आयोजित होने वाले निःशुल्क नेत्र जांच एवं चश्मा वितरण शिविर का भविष्य में प्रायोजक बनने का संकल्प लिया। इस दौरान संस्था की ओर से उनका दुपट्टा ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया।
चिकित्सा टीम का किया सम्मान
शिविर संयोजक जीवनलाल दलाल ने बताया कि जवाहिर चिकित्सालय के रक्त संग्रहण बैंक प्रभारी मंगेज सिंह भाटी एवं उनकी मेडिकल टीम ने शिविर में सेवाएं दीं। संस्था की ओर से टीम का दुपट्टा ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया।
इस अवसर पर सक्षम के जिला संरक्षक अमृतलाल भूतड़ा, जिला सह सचिव मयंक पुरोहित, नगर उपाध्यक्ष भेरू सिंह महेचा, ललित सोनी, गिरिराज ओझा, कन्हैया लाल भाटी, कैलाश शर्मा, मांगीलाल बामनिया, प्रेम भारत, मनोहर लाल देवपाल, भीम सिंह पंवार, हरीश राठौड़, चिमराम, जितेंद्र सिसोदिया, लक्ष्मी नारायण श्रीमाली, महेश वासु, धर्माराम, हैदर शाह, सुनील भाटी एवं देदूराम सहित अनेक समाजसेवी, रक्तदाता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
शिविर के समापन पर सक्षम के जिला संरक्षक अमृतलाल भूतड़ा ने जवाहिर चिकित्सालय के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. रवींद्र सांखला, ब्लड बैंक टीम, भानु सेवा संस्थान फलोदी, अतिथियों, रक्तदाताओं एवं आयोजन में सहयोग देने वाले कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *