
जयपुर(सुरेन्द्र सिंह हरसोलिया)। मानवता व परोपकार के लिए समर्पित समर्पण संस्था की ओर से 11वाँ “ग्लोबल समर्पण समाज गौरव 2026“ अवार्ड समारोह आगामी 22 नवम्बर को जयपुर में आयोजित किया जाएगा। इसके लिए राष्ट्र व समाज हित में उत्कृष्ट काम करने वाले व्यक्तियों से वैश्विक स्तर पर केवल हार्डकॉपी में निर्धारित नामांकन फ़ॉर्म के साथ 25 सितम्बर तक प्रविष्टियां आमन्त्रित की गई है। संस्था ने यह अनिवार्य किया है कि नामांकन कर्ता 10 वर्षों से अधिक समय से अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहें हों। रजिस्टर्ड संस्था या संगठन के लिए भी न्यूनतम 10 वर्ष का सेवा कार्य होना आवश्यक है। निर्धारित नामांकन फॉर्म के साथ प्रोफ़ाइल, पहचान पत्र, पासपोर्ट फोटो, कोई प्रिंट सामग्री, समाचार पत्रों की क्लिप आदि दस्तावेज़ साथ में संलग्न करने होंगे। नामांकन फ़ॉर्म संस्था की वेबसाइट www.samarpansanstha.org से डाउनलोड कर सकते है या संस्था कार्यालय से प्राप्त कर सकते है।
समर्पण संस्था संस्थापक अध्यक्ष
आर्किटेक्ट डॉ. दौलत राम माल्या ने बताया कि नामांकन प्रविष्टियाँ केवल डाक, कोरियर या कार्यालय में व्यक्तिगत उपस्थिति द्वारा ही स्वीकार किये जायेंगे। डाक व कोरियर का पता संस्था का रजिस्टर्ड कार्यालय 192/38, कुम्भा मार्ग, प्रताप नगर, जयपुर, राजस्थान 302033 है। ‘‘ग्लोबल समर्पण समाज गौरव 2026’’ अवार्ड के तहत समाज सेवा, शिक्षा, कला, खेल, महिला सशक्तिकरण, आध्यात्म, पर्यावरण, चिकित्सा, सामाजिक न्याय, साहित्य, शोध व आविष्कार, पत्रकारिता, बिज़नेस, योग, दान व क्रियेट कन्टेन्टर आदि क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को 16 श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा। अवार्ड का वर्गीकरण व संख्या इस प्रकार से निर्धारित की गई है 1. समाज सेवा – मदर टेरेसा समर्पण समाज गौरव(केवल 8 व्यक्ति), 2. शिक्षा-डॉ. राधाकृष्णन समर्पण समाज गौरव(3 व्यक्ति), 3. सामाजिक न्याय-डॉ. अम्बेडकर समर्पण समाज गौरव(2 व्यक्ति), 4. चिकित्सा-डॉ. विधान चन्द्र राय समर्पण समाज गौरव (2 व्यक्ति), 5. साहित्य-मुन्शी प्रेमचन्द समर्पण समाज गौरव(3 व्यक्ति), 6. शोध व आविष्कार-डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम समर्पण समाज गौरव(1 व्यक्ति), 7. खेल-मेजर ध्यानचंद समर्पण समाज गौरव(1 व्यक्ति) 8. आध्यात्म-बाबा हरदेव सिंह समर्पण समाज गौरव(केवल 1 व्यक्ति), 9. पर्यावरण-सुन्दर लाल बहुगुणा समर्पण समाज गौरव(3 व्यक्ति), 10. कला एवं संस्कृति-भूपेन हज़ारिका समर्पण समाज गौरव(2 व्यक्ति), 11. महिला सशक्तिकरण-रानी लक्ष्मीबाई समर्पण समाज गौरव(3 महिलाएं), 12. पत्रकारिता-कुलदीप नैयर समर्पण समाज गौरव(2 व्यक्ति), 13. बिज़नेस-धीरूभाई अम्बानी समर्पण समाज गौरव(1 व्यक्ति), 14. योग-महर्षि पतंजलि समर्पण समाज गौरव(2 व्यक्ति), 15. दान-भामाशाह समर्पण समाज गौरव(1 व्यक्ति), 16. कन्टेन्ट क्रियटर-ग्रेट क्रियटर समर्पण समाज गौरव(केवल 2 व्यक्ति जिनके सब्सक्राइबर 50 हज़ार से अधिक हो)। प्रविष्टियां जांचने व चयन के लिए पाँच सदस्यों की एक चयन समिति गठित की जायेगी। चयनित सभी अवार्डीज की संस्था द्वारा डॉक्युमेंट्री बनाई जायेगी जिसे सम्मान करते समय एलईडी पर दिखाया जायेगा।
उल्लेखनीय है कि संस्था द्वारा इससे पूर्व गत वर्षों में 556 विभूतियों को समर्पण समाज गौरव अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है। संस्था द्वारा पूर्व में सम्मानित हो चुके व्यक्तियों से पुनः आवेदन स्वीकार नहीं किया जायेगा। संस्था द्वारा एक व्यक्ति को केवल एक बार ही सम्मानित किया जाता है। नामांकन प्रविष्टियां आमंत्रण के पोस्टर का विमोचन संस्था कार्यालय में संस्थापक अध्यक्ष आर्किटेक्ट डॉ. दौलत राम माल्या, प्रधान मुख्य संरक्षक प्रमोद चौरडिया जैन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सीएल वर्मा, मुख्य सलाहकार डीआर रेवाला ने किया।

