
राजसमंद । जब प्रतिभा को सम्मान मिलता है, तब केवल एक विद्यार्थी ही नहीं, बल्कि पूरे समाज का भविष्य गौरव से आलोकित होता है। इसी उद्देश्य को साकार करने के लिए अम्बेडकर विचार मंच, राजसमंद के तत्वावधान में आज प्रातः 9:30 बजे अणुविभा ऑडिटोरियम में करियर गाइडेंस एवं प्रतिभा सम्मान समारोह–2026 का भव्य आयोजन होगा। यह समारोह शिक्षा, संविधान, संस्कार, समता और सामाजिक चेतना का जीवंत संगम बनेगा।
मीडिया प्रभारी मदनलाल रेगर एवं स्वतंत्र लेखक, मदन ओजस्वी ने संयुक्त रूप से बताया कि समारोह के मुख्य वक्ता आई पी एस किशन सहाय अपने ओजस्वी उद्बोधन में युवाओं को सफलता की सीढ़ियाँ चढ़ने का व्यावहारिक मार्ग करेगें। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, समय प्रबंधन, अनुशासन, लक्ष्य निर्धारण, व्यक्तित्व विकास, संवैधानिक मूल्यों, मानवाधिकारों और राष्ट्र निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका पर गहन प्रकाश डालेंगे। उनका प्रेरक संबोधन विद्यार्थियों के भीतर आत्मविश्वास, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्टता की नई चेतना का संचार करेगा।
समारोह की विशिष्ट वक्ता माया बजाड़ शिक्षा को जीवन का प्रकाश बताते हुए विद्यार्थियों को करियर चयन की सूक्ष्म बारीकियाँ, अध्ययन की प्रभावी रणनीति, सफलता के व्यावहारिक सूत्र, निरंतर अभ्यास, सकारात्मक सोच तथा बदलते युग की नई संभावनाओं से परिचित कराएँगी। उनका उद्बोधन विद्यार्थियों के लिए भविष्य निर्माण का प्रेरणास्रोत बनेगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ बुद्ध वंदना की मंगलमयी ध्वनि और रंगारंग राजस्थानी लोकनृत्य की सांस्कृतिक छटा के साथ होगा। इसके पश्चात विभिन्न बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले तथा खेल, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ अर्जित करने वाले प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं, भामाशाहों का सम्मान किया जाएगा। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ होगा तथा सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के लिए आत्मीय स्नेहभोज की व्यवस्था रहेगी।
समारोह को सफल बनाने में समाज के भामाशाहों ने सेवा और समर्पण की अनुकरणीय मिसाल प्रस्तुत की है। नारायण सालवी (कारोल) – एन.एस. नमकीन द्वारा मोमेंटो, तस्वीरें एवं अन्य सहयोग, हेमराज रेगर द्वारा अल्पाहार, सेवानिवृत्त एएसआई मानाराम रेगर द्वारा भारतीय संविधान की पुस्तकें, यशवंत रेगर द्वारा साउंड व्यवस्था, प्राइम बांड द्वारा प्रिंटिंग, सुनील सालवी द्वारा केम्पर, शंकरलाल द्वारा हरित गमले, पारस सालवी द्वारा केटरिंग, गोपाल सालवी द्वारा बर्तन व्यवस्था, ईश्वर मौर्य द्वारा शीतल पेय तथा प्रकृति प्रेमी शुभम शर्मा (शेरा भाई) द्वारा पक्षी घर, परिंडे और दाना घर का वितरण किया जाएगा। अनेक अन्य भामाशाह भी निस्वार्थ भाव से विविध व्यवस्थाओं में सहयोग कर रहे हैं।
इस आयोजन की सफलता के लिए तुलसीराम सालवी, प्राध्यापक विद्याधर सालवी, सेवानिवृत्त फौजी हजारीलाल नान्दोली, उदयलाल मुंडोल, एडवोकेट ईश्वर पहाड़िया, ईश्वरलाल, एडवोकेट सुनील कुमावत, प्रधानाचार्य मदनलाल रेगर, लता खींची, भगवती सालवी, उषा रेगर, बदाम सालवी, लक्ष्मी सालवी, सुमित एवं गौरव चौधरी सहित अनेक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं।
विशेष सहयोग डॉ. पी.सी. रेगर (कृषि वैज्ञानिक), अधिशाषी अभियंता हीरालाल सालवी (पीडब्ल्यूडी), नारायण सालवी (कारोल) तथा मदन सालवी ओजस्वी का प्राप्त हो रहा है।
यह आयोजन केवल एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि सपनों को दिशा देने, संविधान के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने, शिक्षा के दीप प्रज्वलित करने और सामाजिक समरसता को सशक्त बनाने का एक प्रेरणामय उत्सव है। अम्बेडकर विचार मंच ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं नागरिकों से इस ऐतिहासिक आयोजन में सहभागी बनने का
हार्दिक आग्रह किया है।
मदन सालवी ओजस्वी
स्वतंत्र लेखक राजस्थान
95888-32673
