तारानगर। माँ जालपा देवी राजकीय महाविद्यालय, तारानगर में नवागंतुक विद्यार्थियों के स्वागत एवं अभिनंदन हेतु एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत महाविद्यालय परिवार द्वारा नवप्रवेशित विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं मुह मीठा कराकर आत्मीय स्वागत किया गया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ) मूल चन्द ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र ही नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण एवं संस्कारों की पाठशाला भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम एवं नैतिक मूल्यों को अपनाते हुए अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण हेतु प्रेरित किया। आगामी दिनों में नवप्रवेशित विद्यार्थिों हेतु अभिविन्यास कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ विद्यार्थियों ने नवागंतुक विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी प्रदान की तथा उन्हें महाविद्यालय परिवार का अभिन्न अंग बनने का संदेश दिया। तिलक एवं अभिनंदन की भारतीय परंपरा ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों में अपनत्व एवं आत्मीयता का भाव जागृत किया।
नवागंतुक विद्यार्थियों ने महाविद्यालय परिवार द्वारा किए गए इस स्नेहपूर्ण स्वागत के प्रति प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अपने शैक्षणिक जीवन की नई शुरुआत को उत्साह एवं उमंग के साथ स्वीकार किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त संकाय सदस्य, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। सम्पूर्ण कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।
