सीकर । एसके मेडिकलण कॉलेज प्रशासन द्वारा डॉ. मितेश सागर को अस्पताल अधीक्षक (पीएमओ) का कार्यभार सौंपा गया। इससे पूर्व वे अतिरिक्त अधीक्षक के पद पर कार्यरत थे। प्रशासनिक परिस्थितियों के बाद उनके अनुभव एवं कार्यकुशलता को देखते हुए यह महत्वपूर्ण दायित्व उन्हें सौंपा गया है। डॉ. मितेश सागर के पीएमओ बनने पर विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा। वरिष्ठ समाजसेवी एवं भीम आर्मी आजाद समाज पार्टी की नेत्री सोनिया जोया, कल्पना जोया एवं अन्य समर्थकों ने अस्पताल पहुंचकर फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया तथा भारतीय संविधान निर्माता बाबासाहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की तस्वीर भेंट कर सम्मान व्यक्त किया।

इस अवसर पर सोनिया जोया ने कहा कि डॉ. सागर के नेतृत्व में अस्पताल प्रशासन में पारदर्शिता बढ़ेगी और आमजन को बेहतर व गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि मरीजों की समस्याओं के समाधान तथा चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार हेतु ठोस कदम उठाए जाएंगे। डॉ. मितेश सागर ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने, चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने और मरीजों को समयबद्ध व बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए पूर्ण निष्ठा एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करेंगे।समर्थकों ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में अस्पताल की कार्यप्रणाली और अधिक व्यवस्थित होगी तथा क्षेत्रवासियों को उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।
