जयपुर। कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार को जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित शौर्य संध्या समारोह में सेना के पूर्व नायक उदयवीर सिंह यादव ने कारगिल युद्ध के अमर शहीदों के परिजनों, वीरांगनाओं एवं पूर्व सैनिकों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

भारतीय सिग्नल कोर के पूर्व जवान उदयवीर सिंह यादव ने इस अवसर पर कहा कि “राजस्थान की इस वीर धरा के सपूतों का अदम्य साहस और अतुलनीय बलिदान पूरे राष्ट्र के लिए सदैव प्रेरणापुंज रहेगा। कारगिल के शहीदों ने देश की आन, बान और शान के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। आज हम जो खुली सांस ले रहे हैं, वह उनके बलिदान का परिणाम है।”

उन्होंने शहीद परिवारों और वीरांगनाओं के प्रति समाज के दायित्व पर भी जोर देते हुए कहा कि सैनिकों का सम्मान करना और उनके परिवारों की हर संभव सहायता करना हम सभी का कर्तव्य है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं युवा उपस्थित रहे। पूरे माहौल में देशभक्ति और राष्ट्रगौरव की भावना देखी गई।
उदयवीर सिंह यादव, जो सामाजिक समरसता और सेवा कार्यों के लिए डॉ. अम्बेडकर सामाजिक समरसता पुरस्कार एवं डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम इंस्पिरेशनल ऑफ ह्यूमैनिटी अवॉर्ड से भी सम्मानित हैं, निरंतर समाज में देशभक्ति और एकता के मूल्यों को बढ़ावा देने का कार्य कर रहे हैं।
