सांचौर। स्थानीय अस्पताल में ब्लड बैंक के शुभारंभ के अवसर पर एक भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के युवाओं एवं आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया।

इस शिविर में विशेष रूप से मेघवाल युवा ब्लड ग्रुप की मातृ शक्ति ने प्रेरणादायक भूमिका निभाई। प्रतापपुरा निवासी प्रेमलता पत्नी बेचाराराम पातलिया ने पहली बार रक्तदान कर समाज के सामने एक नई मिसाल पेश की। उनके इस साहसिक और सामाजिक कार्य की सभी ने सराहना की।
रक्तदान शिविर में मौजूद लोगों ने प्रेमलता के इस कदम को महिलाओं के लिए प्रेरणादायक बताया और कहा कि इस प्रकार के कार्य समाज में जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों द्वारा सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया गया तथा प्रेमलता को विशेष रूप से बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।
