जैसलमेर । आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से जिला कलक्टर प्रताप सिंह ने शनिवार रात ग्राम बरमसर में रात्रि चौपाल का आयोजन किया। चौपाल में जिला कलक्टर ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके शीघ्र एवं नियमानुसार समाधान के निर्देश दिए।


रात्रि चौपाल के दौरान जिला कलक्टर ने एक-एक कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आमजन की शिकायतों के समाधान और जरूरतमंदों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे अपनी समस्याएं बिना किसी संकोच के प्रशासन के समक्ष रखें, ताकि प्रशासन उनकी वास्तविक जरूरतों को समझते हुए त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित कर सके।चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने पानी और बिजली कनेक्शन, विद्युत आपूर्ति में कम वोल्टेज, बार-बार होने वाली बिजली कटौती, पेयजल संकट, सड़क निर्माण, स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाओं की कमी, बंद रास्तों को खुलवाने, अवैध कब्जों, पट्टा संबंधी मामलों, अतिक्रमण हटाने तथा तारबंदी जैसी समस्याओं की ओर जिला कलक्टर का ध्यान आकर्षित किया। जिला कलक्टर ने सभी समस्याओं पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही नियमानुसार कार्यवाही कर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *