जनसंपर्क अभियान के तहत मंच के पदाधिकारी हजारों बच्चों,अभिभावकों से जल्द करेंगे मुलाकात : अशोक प्रधान

रेवाड़ी । जनहित में सक्रिय राष्ट्रीय सामाजिक संगठन लोक सेवा मंच बच्चों के हितों को लेकर जोरदार अभियान चलाएगा । मंच की कोर कमेटी की बैठक में सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव में निर्णय लिया गया कि समाज एवं राष्ट्र को मजबूती के लिए बच्चों की सही परवरिश होना बहुत लाजिमी है ।
बैठक में राष्ट्रीय प्रगतिशील विचारक एवं सामाजिक कार्यकर्ता अशोक प्रधान लोक सेवा मंच ने कहा कि सीनियर सिटीजंस के हितों को लेकर चलाए जा रहे जोरदार संपर्क अभियान से उत्साहित होकर उनसे बातचीत में सैकड़ो बच्चों ने भी अपनी प्रमुख समस्याओं और हितों की आवाज बुलंद करने का आग्रह किया है । बच्चों का कहना है कि सरकारी व प्राइवेट विद्यालयों में पढ़ने वाले सभी बच्चों को सरकार की ओर से नि:शुल्क वाहन सुविधा उपलब्ध कराई जानी चाहिए । इससे बच्चों, खासकर निर्धन परिवारों के विद्यार्थियों को समय पर अपने घरों- विद्यालयों तक सुरक्षित ढंग से पहुंचने में मदद मिलेगी ।


बड़ी संख्या में बच्चों ने बताया कि उनके गली- मोहल्लों में न तो खेल के मैदान की व्यवस्था है और न ही उनके बर्थडे कार्यक्रम, सेलिब्रेशन की कोई सार्वजनिक जगह हैं । ऐसे में हर गांव में व शहर के हर वार्ड- सेक्टर में चिल्ड्रन क्लब एवं प्लेग्राउंड की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए ।
बच्चों की पुरजोर मांग है कि उन्हें वर्ष में दो बार देश के भीतर अभिभावकों अथवा टीचर्स के साथ टूर पर जाने की बस, ट्रेन व एरोप्लेन में नि:शुल्क छूट प्रदान की जानी चाहिए । इससे उन्हें सीखने और राष्ट्रीय एकता के लिए विभिन्न स्थानों की संस्कृति- सभ्यता को आत्मसात करने का अवसर मिलेगा । उन्होंने कहा कि जनहित में स्वस्थ एवं मजबूत नागरिक तैयार करने के लिए यह भी आवश्यक है कि बच्चों को ऑन कॉल स्पेशलिस्ट डॉक्टर्स व मेडिकल चेकअप- ट्रीटमेंट की नि:शुल्क सुविधा उपलब्ध कराई जानी चाहिए । उन्होंने कहा कि महंगाई के इस युग में शुरुआती बीमारी का इलाज सही समय पर नहीं हो पाने के कारण अनेक बच्चे गंभीर रूप में अस्वस्थ हो रहे हैं और उनकी पढ़ाई पर विपरीत असर पड़ रहा है ।
उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में लोक सेवा मंच बच्चों के हितों को लेकर विशेष अभियान चलाएगा । जल्द ही मंच के पदाधिकारी समाज के हजारों बच्चों व उनके अभिभावकों से जनसंपर्क करते हुए उनके सुझाव लेकर अन्य मुद्दों को भी अपने अभियान का हिस्सा बनाने के काम करेंगे। बैठक में अशोक प्रधान लोक सेवा मंच सहित कोर कमेटी के सदस्य महेश कौशिक ,बीके राम सिंह, मंच की महिला राष्ट्रीय प्रभारी योगिता एडवोकेट व संगठन सचिव अभिषेक कुमार आदि ने भी अपने विचार रखें ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *