जैसलमेर । जिले में घरेलू एलपीजी गैस आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने और वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से जिला कलक्टर प्रतापसिंह नाथावत ने शुक्रवार को जैसलमेर शहर के खुहड़ी रोड स्थित इण्डेन गैस गोदाम तथा मलका प्रोल स्थित महेंद्र गैस सर्विस गोदाम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने गैस सिलेंडरों के उपलब्ध स्टॉक, उपभोक्ताओं की बुकिंग स्थिति और वितरण व्यवस्था की विस्तार से जांच की।उन्होंने स्टॉक रजिस्टर का बारीकी से अवलोकन करते हुए ऑनलाइन बुकिंग की वर्तमान स्थिति, लंबित बुकिंग और सिलेंडर डिलीवरी की प्रक्रिया की जानकारी ली।

कलक्टर ने एजेंसी संचालकों को निर्देश देते हुए कहा कि तकनीकी युग में गैस बुकिंग के बाद उपभोक्ताओं को अनावश्यक इंतजार नहीं करना चाहिए। सभी उपभोक्ताओं को निर्धारित समय सीमा में गैस सिलेंडर की डिलीवरी सुनिश्चित की जाए ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

जिला कलक्टर नाथावत ने स्पष्ट कहा कि घरेलू एलपीजी गैस आमजन की अत्यंत आवश्यक सेवा है और इसके वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने एजेंसी संचालकों को सख्त चेतावनी दी कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, जमाखोरी या अवैध वितरण का कोई भी मामला सामने आने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।जिला कलक्टर ने आमजन से अपील की कि वे गैस किल्लत को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि कहीं गैस आपूर्ति में समस्या, ओवररेटिंग या अनावश्यक देरी जैसी कोई अनियमितता सामने आती है तो इसकी सूचना तुरंत जिला प्रशासन या रसद विभाग को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके। उन्होंने बताया कि गैस आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। आमजन कंट्रोल रूम नम्बर 02992-250082, पुलिस के आपातकालीन नम्बर 112 तथा खाद्य विभाग की हेल्पलाइन 1445 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। कलक्टर ने भरोसा दिलाया कि जिले में गैस आपूर्ति पूरी तरह सुचारु और निर्बाध है तथा किसी भी उपभोक्ता को घबराने की आवश्यकता नहीं है।निरीक्षण के दौरान जिला रसद अधिकारी रामसिंह मीणा सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *