जिला कलेक्टर के नाम एडीएम को सौंपा ज्ञापन

सांचौर
पटवार मण्डल भवातड़ा के ग्राम धींगपुरा में बेमौसमी तेज हवा के कारण रबी सीजन की जीरा एवं इसबगोल की फसल को भारी नुकसान हुआ है। किसानों का कहना है कि तेज हवा के चलते अधिकांश खेतों में फसल लगभग पूरी तरह खराब हो गई है, जिससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।


किसानों ने जिला कलेक्टर के नाम एडीएम को ज्ञापन सौंपकर फसल खराबे का सर्वे करवाने और विशेष गिरदावरी कराने की मांग की है। और बताया कि उन्होंने कर्ज लेकर बीज, खाद, दवाइयों और सिंचाई पर भारी खर्च किया था, लेकिन अचानक आई प्राकृतिक आपदा के कारण उनकी मेहनत पर पानी फिर गया। ग्राम के अधिकांश परिवार खेती पर ही निर्भर हैं। फसल खराब होने से कर्ज चुकाने, परिवार का पालन-पोषण करने तथा आगामी खेती की तैयारी करने में गंभीर कठिनाइयाँ उत्पन्न हो गई हैं। वर्तमान स्थिति में किसानों की आर्थिक हालत बेहद चिंताजनक हो चुकी है।


किसानों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि राजस्व विभाग की टीम भेजकर जल्द से जल्द फसल खराबे का सर्वे तथा विशेष गिरदावरी करवाई जाए। साथ ही प्रभावित किसानों को राज्य सरकार के नियमानुसार मुआवजा दिलाया जाए और बीमा कंपनियों से सर्वे करवाकर किसानों को बीमा क्लेम दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सर्वे और गिरदावरी नहीं हुई तो किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। इसलिए प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की गई है।

इस दौरान वेलाराम मेघवाल, उमाराम मेघवाल, खंगाराराम चौधरी, वकील सगताराम प्रजापति, तगाराम रावणा राजपूत, जेथाराम चौधरी, रमेश कुमार चौधरी जालमसिंह रावणा राजपूत, मेघराज चौधरी, रवजी चौधरी अकबर खा,प्रकाश मेघवाल सहित लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *