ग्रामीण युवाओं के लिए शिक्षा का नया द्वार: CUET बना देश की टॉप यूनिवर्सिटीज़ तक पहुंचने का सबसे सशक्त माध्यम
ऑनलाइन आवेदन शुरू, अंतिम तिथि 30 जनवरी 2026
भोपालगढ़ । देश के लाखों ग्रामीण युवाओं के लिए उच्च शिक्षा का सपना अब पहले से कहीं अधिक सुलभ और साकार होता नजर आ रहा है। कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट यानी CUET ने गांव-ढाणी के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को भी देश की नामी यूनिवर्सिटीज़ तक पहुंचने का बराबरी का अवसर दिया है। अब छात्र चाहे किसी भी बोर्ड से पढ़ा हो या किसी भी क्षेत्र से आता हो, उसका मूल्यांकन एक ही मानक परीक्षा के आधार पर किया जाता है, जिससे प्रतिभा को सही पहचान मिल रही है।
राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने CUET-UG 2026 के लिए 3 जनवरी 2026 से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। 12वीं पास और 2025-26 सत्र में कक्षा 12वीं में अध्ययनरत विद्यार्थी अब आधिकारिक वेबसाइट cuet.nta.nic.in पर जाकर अपना फॉर्म भर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है, जबकि 31 जनवरी तक परीक्षा शुल्क जमा किया जा सकेगा। परीक्षा 11 से 31 मई 2026 के बीच कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित होगी, जिसमें देशभर के लाखों छात्र शामिल होंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों में पढ़ने वाले छात्रों को अक्सर संसाधनों की कमी, कोचिंग और बड़े शहरों की सुविधाओं का अभाव झेलना पड़ता है। पहले विश्वविद्यालयों में प्रवेश के लिए अलग-अलग परीक्षाएं देनी पड़ती थीं, जिन पर समय और पैसा दोनों अधिक खर्च होता था। CUET ने इस समस्या को काफी हद तक समाप्त कर दिया है क्योंकि अब एक ही परीक्षा से देश के 280 से अधिक केंद्रीय, राज्य, डीम्ड और निजी विश्वविद्यालयों में प्रवेश का अवसर मिल जाता है। इससे ग्रामीण परिवारों पर आर्थिक बोझ कम होता है और बच्चों को बेहतर भविष्य का रास्ता मिलता है। CUET का एक बड़ा लाभ यह भी है कि अब 12वीं कक्षा में बहुत अधिक अंक लाने का दबाव कम हुआ है। अलग-अलग बोर्डों की अंक प्रणाली में अंतर होने के कारण ग्रामीण छात्र अक्सर मेरिट में पीछे रह जाते थे, लेकिन CUET ने सभी को एक ही पैमाने पर लाकर खड़ा कर दिया है। अब छात्र की असली काबिलियत का आंकलन इस राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा से होता है, जिससे योग्य विद्यार्थियों को उनका हक मिल रहा है। NTA ने आवेदन में पारदर्शिता और सुविधा के लिए आधार और डिजिलॉकर से सत्यापन की व्यवस्था भी लागू की है, जिससे दस्तावेज़ों की जांच आसान हो गई है। आवेदन फॉर्म में किसी भी प्रकार की गलती सुधारने के लिए 2 से 4 फरवरी 2026 तक करेक्शन विंडो भी खोली जाएगी। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अपना नाम, जन्मतिथि और अन्य विवरण 10वीं की मार्कशीट के अनुसार भरें तथा फोटो, सिग्नेचर और कैटेगरी सर्टिफिकेट सही फॉर्मेट में अपलोड करें।
आवेदन शुल्क सामान्य वर्ग के लिए तीन विषयों तक 1000 रुपये, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस के लिए 900 रुपये तथा एससी, एसटी, दिव्यांग और थर्ड जेंडर उम्मीदवारों के लिए 800 रुपये निर्धारित किया गया है। अतिरिक्त विषयों के लिए अलग शुल्क भी लिया जाएगा। कुल मिलाकर CUET ग्रामीण भारत के युवाओं के लिए सिर्फ एक परीक्षा नहीं बल्कि आगे बढ़ने का मजबूत माध्यम बन चुका है। दिल्ली यूनिवर्सिटी, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, जामिया मिल्लिया इस्लामिया जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में पढ़ने का सपना अब गांव के छात्र भी पूरा कर सकते हैं। यह व्यवस्था गांवों में छिपी प्रतिभाओं को देश के सामने लाने का काम कर रही है और आने वाले समय में ग्रामीण युवाओं के जीवन में शिक्षा के जरिए बड़ा बदलाव लाने वाली साबित होगी।

✍️गणपत मेघवाल ,वरिष्ठ अध्यापक ,सामाजिक कार्यकर्ता ,नाड़सर,भोपालगढ, जोधपुर,9928320549
