तारानगर (चूरू)।तारानगर क्षेत्र में पुलिसकर्मी द्वारा किया गया एक सराहनीय मानवीय कार्य इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। भालेरी थाना क्षेत्र में तैनात कांस्टेबल रूपराम ने अपनी पुत्री के जन्म की खुशी को समाजसेवा के रूप में मनाते हुए मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर 50 जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए। बढ़ती सर्दी को देखते हुए यह सेवा कार्य झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले गरीब एवं असहाय लोगों के लिए राहत लेकर आया।कांस्टेबल रूपाराम ने यह सेवा कार्य डीएसपी रोहित सांखला की प्रेरणा से किया।

उन्होंने बताया कि बेटी के जन्म की खुशी को केवल पारिवारिक दायरे तक सीमित न रखकर समाज के जरूरतमंद वर्ग के साथ साझा करने का संकल्प लिया। इसी सोच के तहत मकर संक्रांति जैसे पावन पर्व पर कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।कंबल वितरण के दौरान जरूरतमंदों के चेहरों पर राहत और खुशी साफ झलक रही थी। पुलिस द्वारा किए गए इस मानवता भलाई के कार्य की क्षेत्रवासियों ने खुले दिल से प्रशंसा की। कस्बे के गणमान्य नागरिकों ने इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया और पुलिस स्टाफ का आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर थानाधिकारी सीआई मांगूराम, एएसआई नागरमल मीणा, हरफूल सिंह, चालक विक्रम सिंह, श्रवण कुमार, पुलिस कर्मियों सहित भालेरी थाना इलाका के कई मोजीज व्यक्ति उपस्थित रहे। साथ ही स्थानीय गणमान्य नागरिकों की भी मौजूदगी रही।कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रति उसकी सामाजिक जिम्मेदारी भी है। ऐसे कार्यों से आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और सम्मान बढ़ता है।कुल मिलाकर, कांस्टेबल रूपाराम द्वारा पुत्री के जन्म की खुशी में किया गया यह सेवा कार्य न केवल मानवता की मिसाल बना, बल्कि समाज को यह संदेश भी दिया कि खुशियों को बांटने से उनका महत्व और बढ़ जाता है।
