हनुमानगढ़ । जम्मू-कश्मीर में आयोजित 70वीं राष्ट्रीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिता के अंतर्गत अंडर-17 छात्रा क्रिकेट टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीतने वाली राजस्थान की टीम का हनुमानगढ़ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत किया गया।

इस अवसर पर कृष्णा देवी मेमोरियल ट्रस्ट के अध्यक्ष विवेक गोयल, सचिव कुनाल गोयल, योगेश ट्रेडिंग कंपनी के योगेश गोयल, जीएस नगर अध्यक्ष मनीष बिश्नोई, बलविंदर सिंह सिद्धू, पुनीत ,हरप्रीत सिंह भज्जी, जय सोनी आरसी ज्वेलर्स संगरिया सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने खिलाड़ियों एवं टीम प्रभारियों पर पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया।राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में राजस्थान की अंडर-17 छात्रा क्रिकेट टीम ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।
विशेष बात यह रही कि राष्ट्रीय टीम में हनुमानगढ़ जिले की चार बेटियां हर्षिता, सिया, कंचन और तमन्ना भी शामिल रहीं, जिन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन से जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ की हर्षिता ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज (बेस्ट बैटर) का पुरस्कार हासिल किया, वहीं सिया ने अपनी शानदार गेंदबाजी से विरोधी टीमों को कड़ी चुनौती दी।गौरतलब है कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारी के लिए हनुमानगढ़ जिले के नेठराना विद्यालय में राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया था। शिविर संयोजक एवं प्रधानाचार्य पीरदान बेनीवाल, राष्ट्रीय कोच किरण सानी, देवेंद्र सिंह सिद्धू, अनिल पूनिया, भाल सिंह बेनीवाल, प्रमोद तथा विभागीय पर्यवेक्षक माया जाट के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इसी प्रशिक्षण और खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत का परिणाम रहा कि राजस्थान की टीम राष्ट्रीय स्तर पर रजत पदक जीतने में सफल रही।इस अवसर पर मानवाधिकार सुरक्षा संगठन भारत के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा राजस्थान शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ के प्रदेश मंत्री देवेंद्र सिंह सिद्धू ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि हनुमानगढ़ की बेटियों ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर पूरे जिले को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को उचित प्रशिक्षण एवं अवसर मिलने पर वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकती हैं। ऐसी प्रतिभाओं का सम्मान करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।जीएस नगर अध्यक्ष मनीष बिश्नोई ने सभी खिलाड़ियों एवं टीम प्रभारियों को बधाई देते हुए क्रिकेट कोच देवेंद्र सिंह सिद्धू को कॉलोनी की ओर से भी सम्मानित करने की घोषणा की। उल्लेखनीय है कि देवेंद्र सिंह सिद्धू स्वयं भी राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट खिलाड़ी रह चुके हैं और वर्तमान में युवा खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देकर खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।हनुमानगढ़ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर टीम के स्वागत के लिए स्थानीय नागरिकों, खेलप्रेमियों एवं खिलाड़ियों के अभिभावकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। खिलाड़ियों के पहुंचते ही पुष्प वर्षा और बधाइयों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने राजस्थान की बेटियों की उपलब्धि को जिले के खेल इतिहास के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।
