डिस्क्लेमर (अस्वीकरण)
यह आलेख विशुद्ध रूप से लोकहित, लोकतांत्रिक सुदृढ़ीकरण, संवैधानिक मर्यादाओं और निर्वाचन प्रशासनिक व्यवस्था के सकारात्मक व रचनात्मक सुधार के पावन उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया है।
इसका प्रयोजन किसी व्यक्ति, राजनीतिक दल, शासन अथवा संवैधानिक संस्था की गरिमा पर आक्षेप लगाना कदापि नहीं है, अपितु राज्य निर्वाचन आयोग एवं नीति-निर्माताओं का ध्यान आकृष्ट कर ग्रामीण लोकतंत्र में समता, निष्पक्षता, मानवीय कार्य-दशाओं और चुनावी कर्मियों के स्वास्थ्य व सुरक्षा की रक्षा सुनिश्चित करना है।—
लेखक (संकलन एवं प्रस्तुति) सोहन लाल सिंगारिया
- प्रस्तावना: लोकतंत्र का वास्तविक मर्म और ग्रामीण यथार्थ
लोकतंत्र की वास्तविक आत्मा केवल पूर्व-नियत तिथियों पर मतदान संपन्न कराने, मतपेटियों में मतपत्र जमा करवा लेने अथवा इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) में आंकड़े दर्ज कर देने की औपचारिकता तक सीमित नहीं है।
जनतंत्र की सार्थकता और शुचिता इस मूलभूत सिद्धांत पर टिकी है कि प्रत्येक नागरिक को पूर्ण संज्ञान, जागरूकता और विवेक के आधार पर अपना प्रतिनिधि चुनने का अवसर मिले।
साथ ही, चुनावी समर में उतरे प्रत्येक प्रत्याशी को अपनी विचारधारा, दृष्टि, संकल्प और चुनाव चिह्न को लेकर अंतिम पंक्ति के मतदाता तक पहुँचने का निष्पक्ष व समान धरातल प्राप्त हो।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने स्पष्ट शब्दों में उद्घोष किया था कि “सच्चा भारत उसके सात लाख गाँवों में बसता है।” भारतीय संविधान के 73वें संविधान संशोधन (1992) का मूल दर्शन भी यही था कि सत्ता का विकेंद्रीकरण हो और ग्रामीण स्थानीय स्वशासन सशक्त, पारदर्शी और स्वायत्त संस्था के रूप में पल्लवित हो सके।
ग्राम पंचायत का सरपंच और वार्ड पंच आगामी पाँच वर्षों के लिए गाँव के चहुंमुखी विकास, जल, प्रकाश, विद्यालय, चिकित्सा, सार्वजनिक रास्तों और जनकल्याणकारी योजनाओं की दिशा निर्धारित
करते हैं।
किंतु जब इस बुनियादी लोकतांत्रिक संस्था के निर्वाचन में प्रक्रियागत जल्दबाजी, अव्यवस्था, प्रचार के अवसरों की घोर कमी और अमानवीय प्रशासनिक दबाव घर कर जाए, तो जनतंत्र के सर्वोच्च आदर्शों, चुनावी शुचिता और मानवीय संवेदनाओं पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगना स्वाभाविक है।
राजस्थान की त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था में हाल के वर्षों में अपनाई गई कार्यप्रणाली ने न केवल ग्रामीण प्रत्याशियों और मतदाताओं को समान अवसर से वंचित किया है, बल्कि कर्तव्यनिष्ठ मतदान कार्मिकों के शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को भी अभूतपूर्व संकट में धकेल दिया है।
- नगरीय बनाम ग्रामीण निर्वाचन: व्यवस्थागत भेदभाव का तुलनात्मक विश्लेषण
राजस्थान में स्थानीय स्वशासन के दो प्रमुख अंगों—शहरी स्थानीय निकायों (नगर निगम, नगर परिषद, नगर पालिका) और ग्रामीण पंचायती राज संस्थाओं—के निर्वाचन कार्यक्रमों और नियमों के मध्य विद्यमान विरोधाभास प्रशासनिक चिंतन का एक अनिवार्य विषय है
शहरी निकायों में दलीय आधार और सुगम प्रचार अवसर: शहरी निकायों में वार्ड पार्षदों का निर्वाचन मुख्य रूप से मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के आधार पर होता है।
राष्ट्रीय व राज्यस्तरीय दलों के चुनाव चिह्न दशकों से जन-जन के स्मृति-पटल पर स्थायी रूप से अंकित हैं। इसके बावजूद, नामांकन पत्रों की संवीक्षा, नाम वापसी और अंतिम चुनाव चिह्न आवंटन के पश्चात भी शहरी प्रत्याशियों को घर-घर जनसंपर्क, सभाएं आयोजित करने और विचार-विमर्श हेतु लगभग 5 से 7 दिन (एक पूरा सप्ताह) का भरपूर समय प्रदान किया जाता है।
इसके अतिरिक्त, शहरों की भौगोलिक संरचना सघन, सुगम तथा पक्की सड़कों व आधुनिक संचार तंत्र से आच्छादित होती है, जहाँ प्रत्याशी न्यूनतम समय में अधिकतम मतदाताओं तक सहजता से पहुँच सकता है।
ग्रामीण पंचायतों में निर्दलीय पहचान और ‘एक रात’ की विवशता: इसके ठीक विपरीत, त्रिस्तरीय पंचायती राज के सबसे आधारभूत पदों—ग्राम सरपंच एवं वार्ड पंच—का निर्वाचन पूर्णतः गैर-दलीय आधार पर होता है।
यहाँ किसी प्रत्याशी की चुनावी पहचान उसका राजनीतिक दल नहीं, बल्कि निर्वाचन अधिकारी द्वारा आवंटित नवीन व अस्थायी मुक्त प्रतीक चिह्न (जैसे बल्ला, छाता, पतंग, सूरज, आदि) ही होता है।
मतदाता को प्रत्याशी के साथ-साथ उसके नए चुनाव चिह्न को पहचानना अनिवार्य होता है।
भौगोलिक विषमता बनाम समय की कमी: विडंबना यह है कि वर्तमान प्रक्रिया में नामांकन, संवीक्षा और नाम वापसी की प्रक्रिया दोपहर तक समेटकर लगभग 2:00 बजे चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाता है और अगले ही दिन प्रातः 8:00 बजे मतदान आरंभ हो जाता है।
राजस्थान के ग्रामीण परिवेश में एक-एक ग्राम पंचायत 3 से 6 राजस्व गाँवों, दर्जनों दूर-दराज की ढाणियों, मजरों और रेतीले-पथरीले बीहड़ों में 5 से 10 किलोमीटर की परिधि में फैली होती है।
ऐसी विषम भौगोलिक परिस्थितियों में मात्र एक रात में अंतिम मतदाता तक पहुँचकर अपने चुनाव चिह्न की पर्ची तक पहुंचाना भौतिक रूप से असंभव है।
क्या पाँच वर्षों के लिए गाँव का भाग्य तय करने वाले जन-प्रतिनिधि के चुनाव में इतनी प्रशासनिक जल्दबाजी न्यायसंगत कही जा सकती है?
- धरातलीय चुनावी कार्य-प्रणाली का सजीव दस्तावेज: 2 नवंबर से 6 नवंबर 2026
पंचायती राज चुनावों की वास्तविक जटिलता, कर्मचारियों के अथाह श्रम और प्रशासनिक विसंगतियों को समझने के लिए नवंबर 2026 में संपन्न हुए त्रिस्तरीय तृतीय चरण पंचायत राज चुनाव 2026 के एक वास्तविक घटनाक्रम व समय-चक्र का स्टेप-बाय-स्टेप अनुशीलन आवश्यक है
2 नवंबर 2026 (प्रातः 7:00 बजे से सायं – सामग्री संग्रहण व रवानगी) समस्त मतदान अधिकारी एवं कार्मिक प्रातः ठीक 7:30 बजे जिला/उपखंड निर्वाचन व्यवस्था स्थल पर पहुँचते हैं।
यहाँ उन्हें द्वितीय चरण का गहन तकनीकी व व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाता है। इसके उपरांत सामग्री वितरण काउंटर से दोहरी चुनाव सामग्री प्राप्त की जाती है—एक ओर जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य चुनाव हेतु इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें (EVM) तथा दूसरी ओर पंच एवं सरपंच चुनाव बैलेट पेपर से संपन्न कराने हेतु मुद्रित प्रपत्र व भारी लोहे की मतपेटियाँ।
समस्त सामग्री का एक-एक वस्तु सूची से मिलान कर, भारी बस्ते लेकर कार्मिक आवंटित बसों में सवार होते हैं और उबड़-खाबड़ रास्तों से होते हुए देर शाम अपने दूरस्थ मतदान बूथों पर पहुँचते हैं।
2 नवंबर 2026 (सायं व रात्रि – बूथ सज्जा व प्रपत्र पूर्ति): बूथ पर पहुँचते ही थकान भुलाकर कार्मिक अगले दिन (3 नवंबर) होने वाले पंचायत समिति व जिला परिषद सदस्य चुनाव की व्यवस्था में जुट जाते हैं।
मतदान कक्ष की आंतरिक संरचना, वोटिंग कम्पार्टमेंट, प्रवेश-निकास द्वार व्यवस्थित किए जाते हैं। दर्जनों वैधानिक व गैर-वैधानिक लिफाफे तैयार किए जाते हैं, आवश्यक प्रपत्रों पर आधा-अधूरा विवरण हाथ से भरा जाता है, और मतदान केंद्र के बाहर चस्पा की जाने वाली समस्त वैधानिक सूचनाएं हाथ से लिखकर दीवारों पर चस्पा की जाती हैं।
3 नवंबर 2026 (प्रातः 5:30 से सायं 6:00 बजे – EVM मतदान व सीलिंग): प्रातः जल्दी उठकर प्रत्याशियों के पोलिंग एजेंटों की उपस्थिति में नियमानुसार मॉक-पोल (Mock Poll) संपन्न किया जाता है। EVM की शुचिता व पारदर्शिता प्रदर्शित कर परिणाम शून्य (Clear) कर वास्तविक मतदान प्रातः शुरू होता है।
दिनभर मतदाताओं की कतारों का प्रबंधन करते हुए सायं 6:00 बजे मतदान पूर्ण होता है। तत्पश्चात EVM को सील व पैक किया जाता है, प्रपत्र 14 और संबंधित लिफाफे पूर्ण कर सुरक्षा घेरे में निकटतम पंचायत समिति/तहसील या जिला मुख्यालय संग्रहण केंद्र पर जमा करवाया जाता है।
3 नवंबर 2026 (सायं 6:00 बजे के बाद – चरण-2 की तैयारी): EVM जमा करवाकर लौटने और रात्रि भोजन के पश्चात विश्राम का कोई अवकाश नहीं होता।
कार्मिक तत्काल पंच और सरपंच के बैलेट पेपर चुनाव की अग्रिम तैयारी में जुट जाते हैं। प्राप्त प्रपत्रों, मतदाता सूचियों और लिफाफों पर आवश्यक प्रविष्टियां की जाती हैं, और देर रात कार्मिक कुछ घंटों की व्याकुल नींद ले पाते हैं।
4 नवंबर 2026 (प्रातः 8:00 से दोपहर 2:00 बजे – नामांकन, संवीक्षा व चिह्न आवंटन)
प्रातः 8:00 बजे से रिटर्निंग अधिकारी (RO) के साथ मिलकर सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों को नाम-निर्देशन पत्र (नामांकन फार्म) वितरित किए जाते हैं।
पूर्वाह्न 11:00 बजे तक भरे हुए फार्म प्राप्त कर उनकी गहन संवीक्षा (Scrutiny) की जाती है। वैध-अवैध फार्मों की छंटनी और नाम वापसी की प्रक्रिया पूर्ण कर दोपहर लगभग 2:00 बजे प्रत्याशियों को चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाता है।
4 नवंबर 2026 दोपहर से 5 नवंबर प्रातः – 18 घंटे की अनवरत रात और हस्तलिखित मतपत्र: यही वह चरण है जहाँ मानवीय क्षमताएं टूटती हैं। रिटर्निंग अधिकारी द्वारा चुनाव चिह्नों वाले कोरे मतपत्र उपलब्ध कराए जाते हैं।
मतदान अधिकारियों को प्रत्येक वार्ड पंच और सरपंच के प्रत्याशियों के नाम हाथ से उन मतपत्रों पर लिखने पड़ते हैं। सैकड़ों की संख्या में मतपत्रों पर हाथ से एक-एक नाम लिखना, मुहरें लगाना और गड्डियां बनाना—यह कार्य 4 नवंबर की दोपहर से शुरू होकर पूरी रात अनवरत चलता है और 5 नवंबर की सुबह मतदान शुरू होने तक कार्मिक बिना एक पल सोए हाथ से मतपत्र तैयार करते रहते हैं।
5 नवंबर 2026 (प्रातः 8:00 से सायं 6:00 बजे – मतपत्र मतदान की विकट चुनौतियां)
पूरी रात जागे हुए, लाल आँखों और मानसिक दबाव से ग्रस्त कार्मिक प्रातः 7:00 बजे से मतदान शुरू करवाते हैं।
यहाँ दोहरी सतर्कता रखनी होती है—मतदाता को उसी के वार्ड के पंच का सही मतपत्र देना और सरपंच का मतपत्र देना। मुहर लगवाकर लोहे के बॉक्स में डलवाना। ग्रामीण परिवेश में कई बार कम पढ़े-लिखे या बुजुर्ग मतदाता अनजाने में अथवा भ्रमवश मतपत्र को बॉक्स में डालने के बजाय अपनी जेब में रखकर घर ले जाते हैं।
एक भी मतपत्र कम होना सांख्यिकी मिलान में भारी विसंगति पैदा कर देता है, जो आगे चलकर मतगणना में भीषण विवाद का कारण बनता है।
5 नवंबर 2026 सायं 6:00 बजे से देर रात/अलसुबह तक – तत्काल मतगणना का अग्नि-परीक्षण: सायं 6:00 बजे मतदान समाप्त होते ही 8:00 बजे तक समस्त लिफाफे तैयार कर मतपेटियां सील की जाती हैं। ग्राम पंचायत के समस्त बूथों की मतपेटियां एकत्रित होते ही तुरंत मतगणना का कार्य आरंभ हो जाता है।
40-48 घंटे से अनिद्रा और भीषण तनाव से जूझ रहे कर्मचारियों से मतपत्रों की छंटनी करवाई जाती है। कौन-सा मतपत्र निरस्त (Reject) हुआ और कौन-सा वैध, मुहर रेखा पर है या चिह्न पर—इसको लेकर प्रत्याशियों और उनके आक्रामक समर्थकों के बीच तीखी नोकझोंक और गहमागहमी होती है।
देर रात, और कई बार अलसुबह तक चलने वाली इस गिनती के बाद अत्यधिक दबाव के बीच परिणाम घोषित कर विजयी प्रत्याशियों को शपथ दिलाई जाती है।
6 नवंबर 2026 (प्रातः से सायं – उप-सरपंच चुनाव व अंतिम सामग्री जमा)
परिणाम घोषणा के कुछ ही घंटों बाद प्रातः उप-सरपंच के चुनाव की बैठक आयोजित कर निर्वाचन संपन्न कराया जाता है। इसके पश्चात शेष बची समस्त मतदान सामग्री, अप्रयुक्त मतपत्र व रिकॉर्ड को लाख और चपड़ी (Sealing Wax) से सील कर बंडलों में बांधा जाता है।
दोपहर बाद कार्मिक मुख्य व्यवस्था स्थल के लिए रवाना होते हैं, जहाँ भी लंबी कतारों में खड़े रहकर एक-एक प्रपत्र और सील का मिलान करवाकर सामग्री जमा की जाती है।
इस समूचे महायज्ञ के निर्विघ्न संपन्न होने के बाद ही अधिकारियों व कार्मिकों की जान में जान आती है और वे चैन की नींद सो पाते हैं।
- संवैधानिक दृष्टिकोण: समता, गरिमा और प्राकृतिक न्याय की कसौटी
भारतीय संविधान का कोई भी प्रावधान प्रशासनिक मनमानेपन या नागरिकों के मध्य गैर-बराबरी की अनुमति नहीं देता।
वर्तमान चुनावी प्रक्रिया भारतीय संविधान के कई मौलिक अनुच्छेदों के आलोक में समीक्षा की मांग करती है
अनुच्छेद 14 (विधि के समक्ष समता एवं समान संरक्षण): संविधान राज्य को मनमाने और अतार्किक वर्गीकरण से रोकता है। जब शहरी निकाय चुनाव में प्रत्याशी और मतदाता को प्रचार व विवेकपूर्ण विमर्श हेतु 7 दिन का समय दिया जाता है, तो ग्रामीण प्रत्याशी और मतदाता को मात्र एक रात में समेट देना प्रत्यक्ष रूप से विभेदकारी और समानता के मूल अधिकार का हनन है।
अनुच्छेद 19(1)(क) (वाक्-स्वातंत्र्य एवं जानने का मौलिक अधिकार)
माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने ‘एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) बनाम भारत संघ’ तथा अन्य ऐतिहासिक निर्णयों में स्पष्ट प्रतिपादित किया है कि मतदाता को अपने प्रत्याशियों की पृष्ठभूमि, पहचान और चुनाव चिह्न को भली-भांति जानने का अक्षुण्ण अधिकार है।
यदि मतदाता को यह संज्ञान ही न हो कि उसके वार्ड या पंचायत में कौन प्रत्याशी किस चुनाव चिह्न पर खड़ा है, तो वह अपने मताधिकार का विवेकपूर्ण प्रयोग कैसे कर सकता है?
अनुच्छेद 21 एवं अनुच्छेद 42 (मानवीय कार्य-दशाएं और जीवन की सुरक्षा)
अनुच्छेद 21 प्रत्येक नागरिक को गरिमापूर्ण जीवन की गारंटी देता है, वहीं राज्य के नीति-निर्देशक तत्वों का अनुच्छेद 42 राज्य को निर्देश देता है कि वह कार्य के लिए न्यायसंगत और मानवीय दशाएं (Just and Humane Conditions of Work) सुनिश्चित करे।
सरकारी कार्मिकों को लगातार 36 से 48 घंटे बिना भोजन-विश्राम के जोखिम भरे कार्य में झोंकना उनकी शारीरिक गरिमा और जीवन की सुरक्षा की अनदेखी है।
अनुच्छेद 243-K (पंचायतों के लिए निर्वाचन): संविधान के 73वें संशोधन के तहत राज्य निर्वाचन आयोग को पंचायतों के स्वतंत्र, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित चुनाव कराने का संवैधानिक दायित्व सौंपा गया है। इस दायित्व का वास्तविक मर्म प्रक्रियाओं को लोकतांत्रिक, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है।
- प्रशासनिक एवं मानवीय खतरे: निष्ठावान कार्मिकों पर व्यवस्थागत मार
चुनाव ड्यूटी पर तैनात शिक्षक, व्याख्याता, प्राचार्य, पटवारी, ग्राम विकास अधिकारी और मंत्रालयिक कर्मचारी समाज के अत्यंत सम्मानित और संवेदनशील घटक हैं।
वे निष्ठापूर्वक राष्ट्र के इस सर्वोच्च कार्य को संपन्न कराते हैं। किंतु वर्तमान अव्यवहारिक व्यवस्था उनके लिए प्राणघातक सिद्ध हो रही है
मानवीय भूल और कर्मचारियों पर अनुचित गाज: रात-रात भर जागकर सैकड़ों मतपत्रों पर हाथ से नाम लिखने के कारण अत्यधिक शारीरिक थकान और अनिद्रा के चलते यदि किसी चिह्न के आगे दूसरे प्रत्याशी का नाम अंकित हो जाने जैसी अनजानी मानवीय त्रुटि हो जाती है, तो व्यवस्थागत विफलता का सारा ठीकरा सीधे-सादे मतदान कर्मियों पर फोड़ दिया जाता है।
कर्तव्यनिष्ठ कर्मचारियों को तत्काल निलंबित कर दिया जाता है, उनके विरुद्ध विभागीय अनुशासनात्मक कार्यवाहियां शुरू कर दी जाती हैं, जिससे उनका समूचा सेवाकाल और मान-सम्मान कलंकित हो जाता है।
शारीरिक सीमाओं की अनदेखी और गंभीर स्वास्थ्य आपदाएं: लगातार 36-40 घंटे बिना सोए अत्यधिक मानसिक तनाव में कार्य करने से रक्तचाप (Blood Pressure) में तीव्र वृद्धि होती है और हृदय संबंधी आघात की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। हाल ही के चुनावों में कार्यस्थल पर ही कई रिटर्निंग अधिकारियों और मतदान कर्मियों को दिल का दौरा (Heart Attack) पड़ने और असमय जान गंवाने की त्रासद घटनाएं सामने आई हैं।
क्या किसी लोकतांत्रिक उत्सव का मूल्य समर्पित कर्मियों के जीवन की आहुति देकर चुकाया जाना न्यायसंगत है?
तत्काल मतगणना का अविवेक और साख का संकट: जिस प्रकार 12 घंटे लगातार वाहन चलाने के बाद किसी कुशल चालक को भी झपकी आने और भीषण सड़क दुर्घटना होने की आशंका होती है, उसी प्रकार 40 घंटे से जागे हुए कर्मियों से शाम को सूक्ष्म मतपत्रों की गिनती करवाना अत्यंत जोखिम भरा है। संशयित मतों (Doubtful Votes) के निरस्तीकरण पर पराजित प्रत्याशी कर्मचारियों की नीयत और निष्पक्षता पर संदेह करने लगते हैं, जिससे शांति व्यवस्था भंग होने और अधिकारियों की साख पर प्रश्नचिह्न लगने का अवांछित खतरा पैदा हो जाता है।
- समग्र समाधान एवं व्यावहारिक रोडमैप व्यवस्था में युगांतरकारी सुधार की रूपरेखा
राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान तथा पंचायती राज विभाग की प्रशासनिक सूझबूझ और नीतिगत संवेदनशीलता से इन विसंगतियों को बहुत ही सरलता से दूर किया जा सकता है।
इसके लिए निम्नलिखित व्यावहारिक सुधार मील का पत्थर सिद्ध हो सकते हैं
1 पूर्ववर्ती सुविचारित व्यवस्था की पुनर्बहाली: पंचायती राज चुनावों में पूर्व में लागू सफल व्यवस्था को पुनः बहाल किया जाए।
मतदान तिथि से कम-से-कम 7 से 10 दिन पूर्व आरओ मुख्यालय पर नामांकन, संवीक्षा और नाम वापसी की प्रक्रिया पूर्ण हो।
2 मतपत्रों का प्रामाणिक व केंद्रीयकृत मुद्रण: चुनाव चिह्न आवंटन के पश्चात मतपत्रों को राजकीय अथवा अधिकृत मुद्रणालयों से विधिवत मुद्रित (Printed) करवाया जाए।
इससे हस्तलिखित मतपत्र बनाने का अमानवीय कार्य और लिपिकीय त्रुटियों की संभावना पूरी तरह समाप्त हो जाएगी।
3 ग्रामीण प्रचार हेतु 5 से 7 दिन का अवसर: शहरी निकायों की तर्ज पर ग्रामीण प्रत्याशियों को भी अपने आवंटित नए चुनाव चिह्न के साथ प्रत्येक राजस्व गाँव, मजरे और ढाणी तक अपनी बात पहुंचाने के लिए कम-से-कम 5 से 7 दिन का पर्याप्त प्रचार समय मिले।
4 मतगणना का पृथक समय (अगले दिन प्रातः): मतदान समाप्ति के पश्चात मतपेटियों को सुरक्षा घेरे (स्ट्रांग रूम) में सील किया जाए। अनवरत कार्यरत मतदान कर्मियों को रात्रि विश्राम दिया जाए और अगले दिन प्रातः 8:00 बजे पूर्ण मानसिक ताजगी व सतर्कता के साथ पारदर्शी मतगणना करवाई जाए।
5 स्वीप (SVEEP) एवं समान चुनावी कैलेंडर: चुनाव चिह्न आवंटन के बाद ग्राम पंचायत स्तर पर अंतिम सूची सार्वजनिक स्थलों पर चस्पा कर व्यापक प्रचार किया जाए।
नगरीय व पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचन नियमों में सामंजस्य स्थापित करते हुए एक समान चुनावी कैलेंडर नीति लागू की जाए।
7 उपसंहार: संवेदनशील जनतंत्र की सच्ची पहचान
लोकतंत्र की मजबूती और परिपक्वता इस बात में नहीं आंकी जा सकती कि प्रशासनिक मशीनरी ने चुनाव को कितनी तेजी या हड़बड़ाहट में निपटा लिया, बल्कि इस कसौटी पर तय होती है कि पूरी प्रक्रिया कितनी न्यायपूर्ण, पारदर्शी, समावेशी और मानवीय रही।
जब गाँव की चुनी हुई सरकार आगामी 5 वर्षों तक लाखों ग्रामीणों का भाग्य और विकास तय करती है, तो उसे चुनने के लिए 5 दिन का धैर्य, प्रचार का उचित अवसर और चुनाव कर्मियों के प्रति मानवीय दृष्टिकोण अपनाना ही सच्चे सुशासन का द्योतक है।
निर्वाचन सुधार कोई प्रशासनिक विलासिता नहीं, बल्कि समय की एक अपरिहार्य मांग है। राज्य निर्वाचन आयोग और नीति-निर्माताओं द्वारा उठाए गए ये सकारात्मक कदम न केवल ग्रामीण लोकतंत्र की नींव को सुदृढ़ करेंगे, बल्कि व्यवस्था के वास्तविक कर्णधार—लाखों राजकीय अधिकारियों व मतदान कर्मियों—के जीवन, स्वास्थ्य और सम्मान की भी गरिमापूर्ण रक्षा कर सकेंगे।

लेखक (संकलन एवं प्रस्तुति)
सोहन लाल सिंगारिया
सामाजिक-आर्थिक चिन्तक
एवं विचारक, ब्यावर-94622-60179
