मेघवाल समाज शैक्षणिक एवं शोध संस्थान (MS-4) बाड़मेर में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
बाड़मेर। मेघवाल समाज शैक्षणिक एवं शोध संस्थान (MS-4) में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर देशभक्ति, शिक्षा, सामाजिक जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के विद्यार्थियों, समाज के गणमान्यजनों एवं बाहर से पधारे अतिथियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उदाराम जी मेघवाल (भूतपूर्व प्रधान, शिव) ने अपने संबोधन में समाज के आर्थिक, सामाजिक एवं राजनीतिक भविष्य पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को शिक्षा के प्रति गंभीर रहने का संदेश दिया। उन्होंने सोशल मीडिया के अनावश्यक उपयोग से दूरी बनाकर पढ़ाई पर पूरा ध्यान केंद्रित करने तथा उच्च पदों पर पहुंचकर समाज का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने अंधविश्वास से दूर रहने, समाज के हित-अहित को समझने तथा अपने-पराए की पहचान करने के लिए जागरूक रहने की बात कही। साथ ही आरक्षण के विषय में समाज को प्रभावित करने वाले प्रयासों एवं उनके पीछे के उद्देश्यों को समझकर सजग रहने का संदेश दिया।
विशिष्ट अतिथि दीपाराम जी (XEN) ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के व्यक्तित्व एवं संघर्षों पर प्रकाश डालते हुए स्वतंत्रता, समानता एवं सामाजिक न्याय के लिए उनके योगदान को याद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने, नियमित अध्ययन करने तथा सोशल मीडिया के अनावश्यक उपयोग से बचने का संदेश दिया।
अध्यक्षता जयराम जी (XEN) ने की। उन्होंने युवाओं को देश और समाज का भविष्य बताते हुए नियमित अध्ययन एवं मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से अपनी मेहनत और उपलब्धियों के माध्यम से भारत एवं समाज का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
भीखाराम जी (कार्यकारिणी सदस्य, MS4) ने समाज के संघर्षपूर्ण इतिहास एवं वर्तमान परिस्थितियों पर विचार रखते हुए युवाओं से संघर्षशील जीवन जीने, मेहनत करने और निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
हरु राम जी बामनिया, कपूरिया, जैसलमेर (JEN) ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में विद्यार्थियों को पढ़ाई के प्रति गंभीर रहने, समय का सदुपयोग करने और निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान गंगदेव मुगेरिया ने अपने संबोधन के माध्यम से अतिथियों एवं बाहर से पधारे सभी आगंतुकों का स्वागत किया। इस अवसर पर सी.पी. परिहार, उगम परिहार, ओमप्रकाश, नेपाल, ओमप्रकाश गोयल एवं दिलीप कुमार सहित अन्य प्रतिभागियों ने देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में उत्साह का संचार किया।
कार्यक्रम के आयोजन में डॉ. वेदाराम जी मेघवाल (वार्डन एवं कोषाध्यक्ष, MS4) का मार्गदर्शन एवं सहयोग रहा। उनके मार्गदर्शन में संस्थान में शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं समाज के उत्थान को प्राथमिकता देते हुए विद्यार्थियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाए रखने तथा शिक्षा के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संदेश दिया गया। उन्होंने कार्यक्रम में बाहर से पधारे सभी अतिथियों, विद्यार्थियों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार एवं धन्यवाद भी ज्ञापित किया।
कार्यक्रम के अंत में गोरधन राम जी (सहायक वार्डन, MS4) ने सभी अतिथियों, विद्यार्थियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन सी.आर. परिहार ने किया। स्वतंत्रता दिवस समारोह में शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता, युवा शक्ति एवं राष्ट्र निर्माण का संदेश प्रमुख रूप से देखने को मिला। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़कर समाज एवं राष्ट्र के विकास में योगदान देने की प्रेरणा दी।

