जालोर। प्रतिभा, परिश्रम और लगन का परिणाम जब सफलता के रूप में सामने आता है, तो सपनों को भी नई उड़ान मिल जाती है।

ऐसा ही उदाहरण सांचौर क्षेत्र के जाखल निवासी एवं वर्तमान में रामसीन निवासी लखमाराम पारीक के पुत्र हितेश मेघवाल ने प्रस्तुत किया है। हितेश ने राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 12वीं विज्ञान वर्ग परीक्षा में 94.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शानदार सफलता हासिल की। उनकी इस उपलब्धि के आधार पर उनका चयन भामाशाह की पहल पर चेन्नई शैक्षणिक भ्रमण एवं हवाई यात्रा के लिए हुआ।


पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बागरा के मेधावी विद्यार्थियों के दल के साथ हितेश ने अहमदाबाद से हवाई यात्रा कर चेन्नई का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान उन्हें विभिन्न शैक्षणिक, वैज्ञानिक एवं प्रेरणादायक स्थलों को देखने और नई जानकारियां प्राप्त करने का अवसर मिला।
ग्रामीण परिवेश से आने वाले हितेश की इस उपलब्धि से परिवार,विद्यालय और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। परिजनों के अनुसार हितेश शुरू से ही अध्ययन के प्रति समर्पित रहे हैं और नियमित मेहनत व अनुशासन के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है।


प्रधानाचार्य खीमसिंह राठौड़ एवं विद्यालय परिवार ने हितेश को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। समाज बन्धुओं व ग्रामीणों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

मेधावी विद्यार्थियों के सपनों को पंख दे रहा जैन परिवार

90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों को नि:शुल्क हवाई यात्रा और शैक्षणिक भ्रमण का अवसर
शिक्षा के क्षेत्र में प्रोत्साहन की अनूठी मिसाल पेश करते हुए समाजसेवी एवं भामाशाह संजीव कुमार शांतिलाल जैन परिवार मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने का कार्य कर रहा है। जैन परिवार द्वारा 12वीं बोर्ड में सर्वश्रेष्ठ अंक अर्जित करने वाले 7 विद्यार्थियों के लिए विशेष शैक्षणिक भ्रमण और हवाई यात्रा का आयोजन किया है।
इस अनूठी पहल का उद्देश्य ग्रामीण और साधारण परिवारों से आने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को देश के विभिन्न हिस्सों की शैक्षणिक, वैज्ञानिक और सांस्कृतिक गतिविधियों से परिचित कराना है, ताकि उनमें उच्च शिक्षा और बड़े सपने देखने का आत्मविश्वास विकसित हो सके।
जैन परिवार की यह पहल न केवल विद्यार्थियों को प्रोत्साहित कर रही है, बल्कि शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल भी तैयार कर रही है। हितेश मेघवाल जैसे कई मेधावी छात्र इस योजना से लाभान्वित होकर अपने जीवन में नए अनुभव प्राप्त कर रहे हैं।
“जब समाज के भामाशाह शिक्षा का हाथ थामते हैं, तब प्रतिभाओं को मंजिल तक पहुंचने के लिए पंख मिल जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *