जोधपुर। भीषण गर्मी के चलते जहां इंसान गर्मी से बेहाल है, वहीं बेजुबान पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करना आज के समय में सबसे बड़ा पुण्य कार्य माना जा रहा है। इसी उद्देश्य को लेकर सामाजिक संगठन भानु सेवा संस्थान द्वारा चलाए जा रहे “हर घर परिंडा अभियान” के तहत प्रेरणादायक पहल देखने को मिली।

संस्थान के सक्रिय सदस्य ओमाराम जी (एचके मैनेजर) ने अपने पूज्य पिता स्वर्गीय शिवलाल राम की तृतीय पुण्यतिथि पर उनकी पुण्य स्मृति में एम्स जोधपुर परिसर में 10 परिंडे लगाकर पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था की। इस सेवा कार्य की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

इस अवसर पर संस्थान के सदस्यों ने कहा कि पक्षियों की सेवा करना भी सच्ची मानव सेवा है। गर्मी के मौसम में यदि हर व्यक्ति अपने घर, दुकान या सार्वजनिक स्थानों पर एक-एक परिंडा लगाए, तो हजारों बेजुबान पक्षियों की प्यास बुझाई जा सकती है।
संस्थान द्वारा बताया गया कि “हर घर परिंडा अभियान” के माध्यम से लगातार लोगों को पर्यावरण संरक्षण, जीव सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया जा रहा है। साथ ही आमजन से अपील की गई कि वे भी इस भीषण गर्मी में अपने आसपास पक्षियों के लिए पानी और दाने की व्यवस्था अवश्य करें।
