सांचौर । क्षेत्र के कूड़ा स्थित शिव बाल निकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय में बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान कक्षा 10वीं में 95.67% अंक प्राप्त कर कक्षा में द्वितीय स्थान हासिल करने वाले प्रकाश चौधरी (पुत्र छोगाराम चौधरी, निवासी वासन देवड़ा) तथा कक्षा 12वीं कला वर्ग में 90.80% अंक प्राप्त करने वाली मंजू कुमारी (पुत्री दुदाराम चौधरी, निवासी वासन देवड़ा) को साफा व माला पहनाकर सम्मानित किया गया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य पुनमाराम विश्नोई ने बताया कि पिछले पांच वर्षों से विद्यालय का परीक्षा परिणाम लगातार उत्कृष्ट रहा है। इस वर्ष भी कक्षा 12वीं कला वर्ग में 90% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इसमें अमृत कुमार विश्नोई (94.60%) प्रथम, भगवती चौधरी (94%) द्वितीय, भरत चौधरी (93.40%) तृतीय, निरमा चौधरी (92.40%), नीता गोस्वामी (91.60%), खेतू देवासी (91.00%), कमलेश बिश्नोई (90.60%) और चम्पा कुमारी चौधरी (90%) शामिल रहे।

वहीं कक्षा 10वीं में प्रहलाद कुमार चौधरी (96.17%) प्रथम, प्रकाश चौधरी (95.67%) द्वितीय, पारसा राम देवासी (91.00%) तृतीय, रवीना विश्नोई (90.67%), कमला कुमारी देवासी (90%) और निकिता बिश्नोई (90%) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उल्लेखनीय है कि बोर्ड परीक्षा सेंटर की प्रथम 15 मेरिट में भी शिव बाल निकेतन कूड़ा के विद्यार्थियों का दबदबा रहा।
प्रधानाचार्य ने यह भी बताया कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद में भी अग्रणी है। पिछले चार वर्षों में यहां के 150 खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए हो चुका है। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ, अभिभावक एवं ग्रामीणों ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
