जैसलमेर । जिले में गर्मी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने पेयजल व्यवस्था को लेकर सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। जिला कलक्टर प्रताप सिंह ने जलदाय विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को ओर अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

सोमवार को आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिला कलक्टर ने अधीक्षण अभियंता जलदाय के.सी. मीणा को निर्देशित किया कि सभी अधीनस्थ अभियंताओं को पेयजल व्यवस्था की निरंतर मॉनिटरिंग के लिए पाबंद किया जाए। जहां कहीं भी पेयजल समस्या की सूचना मिले, वहां तुरंत अधिकारियों को भेजकर समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को समय पर पीने का पानी उपलब्ध हो सके। खराब नलकूप व हैंडपंप जल्द दुरुस्त करने के निर्देश

जिला कलक्टर ने कहा कि खराब पड़े नलकूपों और हैंडपंपों की मरम्मत में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जलदाय विभाग को निर्देश दिए कि ऐसे सभी स्रोतों को शीघ्र दुरुस्त कराया जाए, ताकि गर्मी के मौसम में लोगों को पानी की परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही अधीक्षण अभियंता विद्युत को जलदाय विभाग के नलकूपों का विद्युतिकरण प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि जैसलमेर शहर में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का टीमों द्वारा नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। जोनवार पानी की आपूर्ति के अंतराल में भी कमी आई है और निरीक्षण के दौरान आमजन से फीडबैक भी लिया जा रहा है। बैठक में जिला कलक्टर ने वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 की बजट घोषणाओं की विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि बजट घोषणाओं का लाभ धरातल पर आमजन तक पहुंचना चाहिए, इसलिए इन कार्यों पर विशेष फोकस रखा जाए। जिन परियोजनाओं में भूमि आवंटन लंबित है, उनके प्रकरण तत्काल राजस्व अधिकारियों को भेजकर प्रक्रिया पूरी करवाई जाए।
संपर्क पोर्टल के मामलों का समय पर निस्तारण
जिला कलक्टर ने संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण कर परिवादियों को राहत दी जाए। मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त मामलों को विशेष प्राथमिकता देने और निस्तारित मामलों में संतुष्टि प्रतिशत बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। बैठक में ई-फाइल प्रणाली की भी विभागवार समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ई-फाइल का प्रभावी संचालन करते हुए सभी प्रकरणों का समय पर निस्तारण किया जाए। जिन विभागों में लंबित फाइलों की संख्या अधिक है, उन्हें शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए गए। बैठक में उपखंड अधिकारी सक्षम गोयल सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान विभिन्न विभागों ने बजट घोषणाओं, संपर्क पोर्टल और ई-फाइल की प्रगति के साथ-साथ पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की जानकारी भी प्रस्तुत की।
