महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार पैदल मार्च, पीएम का पुतला दहन कर जताया तीखा विरोध

जैसलमेर । देश में बेलगाम होती महंगाई और रसोई गैस सिलेंडर के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के विरोध में शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी जैसलमेर के नेतृत्व में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया।

कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों को जनविरोधी बताते हुए तीखी नाराजगी जताई और बढ़ती महंगाई के खिलाफ पैदल मार्च निकालकर प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया l

कार्यक्रम की शुरुआत कांग्रेस कार्यालय में आयोजित बैठक से हुई, जिसमें कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि गलत आर्थिक निर्णयों के कारण आम जनता महंगाई की मार से कराह रही है।बैठक के बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष अमरदीन फकीर के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न अग्रिम संगठनों के सदस्यों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए शहर में पैदल मार्च निकाला और केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष अमरदीन फकीर ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है और इसका सीधा असर आम आदमी की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि रसोई गैस सिलेंडर के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। फकीर ने केंद्र सरकार से मांग की कि रसोई गैस के बढ़े हुए दाम तुरंत वापस लिए जाएं और महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण किया जाए। पूर्व मंत्री शाले मोहम्मद ने कहा कि आज देश में महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ कर रख दी है। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के बढ़ते दामों ने आम आदमी का जीवन बेहद कठिन बना दिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को जनता की समस्याओं को समझते हुए तुरंत राहत देने के कदम उठाने चाहिए। पूर्व जिला प्रमुख अंजना मेघवाल ने कहा कि महंगाई का सबसे ज्यादा असर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। रसोई गैस के दामों में हुई बढ़ोतरी से हर घर का बजट बुरी तरह प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता की आवाज बनकर उनके हकों के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी महंगाई के खिलाफ यह लड़ाई जारी रहेगी। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के पुतले का दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया और महंगाई के खिलाफ आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी। इस अवसर पर गोविंद भार्गव, राधेश्याम कल्ला, सुमार खान सहित कांग्रेस सेवादल, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, यूथ कांग्रेस एवं कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *