जागो हुक्मरान न्यूज

जयपुर (सुरेन्द्र सिंह हरसोलिया)। शहीद स्मारक जयपुर में शुक्रवार को एनएसयूआई राजस्थान की ओर से प्रदेशाध्यक्ष विनोद जाखड़ के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अमेरिकी राष्ट्रपति के समक्ष कथित रूप से आत्मसमर्पण की नीति तथा अमेरिका के साथ की गई 0% टैरिफ ट्रेड डील के विरोध में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को संसद में नहीं बोलने दिए जाने एवं उन पर एफआईआर की धमकी देने के विरोध में सांकेतिक विरोध प्रदर्शन आयोजित हुआ।


प्रदेशाध्यक्ष जाखड़ ने कहा कि देश की विदेश नीति स्वाभिमान, समानता और राष्ट्रीय हितों पर आधारित होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान केंद्र सरकार की नीतियाँ भारत के आर्थिक हितों को कमजोर कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ की गई 0% टैरिफ ट्रेड डील से भारतीय लघु एवं मध्यम उद्योग, किसान, डेयरी सेक्टर तथा घरेलू विनिर्माण क्षेत्र को गंभीर नुकसान उठाना पड़ सकता है। विदेशी कंपनियों को बिना शुल्क भारतीय बाजार में प्रवेश देने से स्थानीय उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता प्रभावित होगी, जिससे रोजगार के अवसरों में कमी और आर्थिक असंतुलन की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
प्रदेशाध्यक्ष जाखड ने यह भी आरोप लगाया कि संसद जैसे सर्वोच्च लोकतांत्रिक मंच पर भी इस महत्वपूर्ण ट्रेड डील पर खुली चर्चा से बचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को संसद में इस ट्रेड डील पर अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया जा रहा, जो लोकतांत्रिक परंपराओं और संसदीय मर्यादाओं के विपरीत है। उन्होंने इसे लोकतंत्र की आवाज़ दबाने का प्रयास बताया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर, काले गुब्बारे छोड़कर शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया।
जाखड़ ने केंद्र सरकार से मांग की है कि देशहित से जुड़े किसी भी अंतरराष्ट्रीय समझौते की शर्तें सार्वजनिक की जाएं तथा राष्ट्र के आर्थिक और राजनीतिक स्वाभिमान से कोई समझौता न किया जाए।
एनएसयूआई ने देशहित में लिए गए निर्णयों की पारदर्शिता सुनिश्चित करने और विवादित नीतियों पर पुनर्विचार करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *