भूमिका

समंदर सिर्फ़ लहरों और जहाज़ों का नाम नहीं है, बल्कि यह तिजारत (व्यापार), रोज़गार और राष्ट्र की रीढ़ भी है। भारत सरकार ने वर्ष 2047 तक मैरीटाइम इंडस्ट्री में डेढ़ करोड़ से अधिक रोज़गार पैदा करने का लक्ष्य रखा है। इसी विराट संभावना के बीच मर्चेंट नेवी एक ऐसा क्षेत्र है, जहाँ कम उम्र में इज़्ज़त, ज़िम्मेदारी और अच्छी सैलरी मिलती है।

लेकिन सवाल यह है कि क्या अनुसूचित जाति और जनजाति के बच्चे इस समंदर तक बराबरी से पहुँच पा रहे हैं? जिन बच्चों की पृष्ठभूमि (पिछला सामाजिक आधार) संघर्ष, गरीबी और सामाजिक भेदभाव से बनी हो, उनके लिए यह रास्ता आसान नहीं होता। जानकारी का अभाव, आर्थिक दबाव और मार्गदर्शन की कमी उनके सपनों के सामने दीवार बन जाती है। यह लेख उन्हीं बच्चों की मुश्किलात (समस्याएँ), उनके व्यावहारिक सॉल्यूशन (समाधान) और ठोस रिमेडी (निदान) पर केंद्रित है, ताकि वे भी आत्मविश्वास के साथ समंदर की इस दुनिया में अपना भविष्य गढ़ सकें।

  1. SC/ST बच्चों की सामाजिक और शैक्षिक पृष्ठभूमि

SC/ST समुदाय के अधिकांश बच्चे ऐसे परिवारों से आते हैं जहाँ आर्थिक संसाधन बहुत सीमित होते हैं। रोज़मर्रा की ज़रूरतें पूरी करना ही परिवार की पहली प्राथमिकता बन जाती है, ऐसे में शिक्षा और कैरियर की योजना पीछे छूट जाती है। इन बच्चों को सही गाइडेंस (मार्गदर्शन) और भरोसेमंद इन्फ़ॉर्मेशन (जानकारी) समय पर नहीं मिल पाती, जिससे उनके भीतर छिपी प्रतिभा दब जाती है।

कई बार समाज की तहरीर (पहले से बनी सोच) उन्हें बार-बार यह एहसास कराती है कि कुछ क्षेत्र “उनके लिए नहीं हैं।” यही सोच धीरे-धीरे आत्मविश्वास को कमजोर कर देती है। आर्थिक दबाव, सामाजिक भेदभाव और अवसरों की कमी के कारण ये बच्चे अपने सपनों को छोटा मानने लगते हैं। जबकि सच्चाई यह है कि यदि सही सपोर्ट (सहयोग) और अवसर मिले, तो यही बच्चे किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।

  1. मर्चेंट नेवी क्या है और इसमें क्यों संभावना है?

मर्चेंट नेवी वह क्षेत्र है जो तिजारती (व्यापारिक) जहाज़ों के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय व्यापार, जहाज़ों के संचालन और समुद्री परिवहन से जुड़ा हुआ है। समंदर के रास्ते होने वाला वैश्विक कारोबार दुनिया की अर्थव्यवस्था की रीढ़ माना जाता है। आज दुनिया भर के कुल मर्चेंट मरीनर्स में लगभग 7 फ़ीसदी भारतीय हैं, जो भारत की बढ़ती समुद्री क्षमता को दर्शाता है।

आने वाले वर्षों में शिपिंग इंडस्ट्री में तेज़ उछाल की संभावना है, क्योंकि वैश्विक आपूर्ति और व्यापार लगातार बढ़ रहा है। इसका अर्थ है कि यहाँ ऑपर्च्युनिटी (अवसर) ज़्यादा हैं और अन्य क्षेत्रों की तुलना में कम्पटीशन (प्रतिस्पर्धा) अपेक्षाकृत कम है। यही कारण है कि मर्चेंट नेवी अनुसूचित जाति और जनजाति के युवाओं के लिए एक सशक्त और सम्मानजनक करियर विकल्प बन सकती है।

  1. मर्चेंट नेवी में जाने के रास्ते (कोर्सेस)

मर्चेंट नेवी में करियर बनाने के लिए अलग-अलग रास्ते (पाथ) उपलब्ध हैं, ताकि हर शैक्षिक पृष्ठभूमि का छात्र अपने अनुसार विकल्प चुन सके।

(क) डेक डिपार्टमेंट
यह विभाग जहाज़ के संचालन और नेविगेशन से जुड़ा होता है। इसके लिए
डिप्लोमा इन नॉटिकल साइंस (DNS) – 1 वर्ष

बीएससी नॉटिकल साइंस – 3 वर्ष
किए जा सकते हैं, जिनके बाद अधिकारी बनने का मार्ग खुलता है।

(ख) इंजन डिपार्टमेंट
यह जहाज़ के इंजन और मशीनरी की देख-रेख (निगरानी) करता है। इसके लिए

बीटेक मरीन इंजीनियरिंग – 4 वर्ष

ग्रेजुएट मरीन इंजीनियरिंग (GME) – 8–12 महीने
उपलब्ध हैं।

(ग) इलेक्ट्रो टेक्निकल ऑफिसर (ETO)
इलेक्ट्रिकल/इलेक्ट्रॉनिक्स से बीई/बीटेक के बाद 4 महीने का ETO कोर्स कर जहाज़ पर तकनीकी ज़िम्मेदारी निभाई जाती है।

(घ) जीपी रेटिंग (सपोर्ट क्रू)
10वीं के बाद 6 महीने का कोर्स होता है। इसमें ऑफिसर नहीं बनते, लेकिन जॉब (नौकरी) लगभग सुनिश्चित रहती है।

  1. योग्यता, आयु सीमा और SC/ST बच्चों को मिलने वाली छूट

मर्चेंट नेवी में प्रवेश के लिए कुछ बुनियादी (आवश्यक) योग्यताएँ तय की गई हैं। सामान्यतः उम्मीदवार के 12वीं कक्षा में फ़िज़िक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स में कम से कम 60 फ़ीसदी अंक होना ज़रूरी है, जबकि इंग्लिश में न्यूनतम 50 फ़ीसदी अंक अनिवार्य होते हैं। आयु सीमा प्रायः 17 से 25 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है।

👉 SC/ST उम्मीदवारों के लिए विशेष छूट यह है कि कई DG Shipping Approved संस्थानों और IMU-CET जैसी प्रवेश परीक्षाओं में

अंकों की कट-ऑफ कम रखी जाती है,

कुछ संस्थानों में 5 फ़ीसदी तक अंक-छूट दी जाती है,

तथा आरक्षित सीटों के माध्यम से प्रवेश की संभावना बढ़ जाती है।

दृष्टि 6/6 और शारीरिक-मानसिक फिटनेस सभी के लिए अनिवार्य है, इसमें सुरक्षा कारणों से छूट नहीं दी जाती।

यह जानना भी बहुत ज़रूरी है कि जिन SC/ST बच्चों ने कॉमर्स या आर्ट्स लिया है, वे एनआईओएस (ओपन स्कूल प्रणाली) से दोबारा पीसीएम कर सकते हैं। जानकारी के अभाव में कई बच्चे इस अवसर से वंचित रह जाते हैं, जबकि यह रास्ता उनके लिए पूरी तरह खुला हुआ है और उन्हें बराबरी का अवसर देता है।

  1. SC/ST बच्चों को आने वाली प्रमुख परेशानियाँ
    (1) आर्थिक बाधा
    मर्चेंट नेवी के कोर्स की सालाना फ़ीस सवा दो से ढाई लाख रुपये तक होती है, जो SC/ST समुदाय के कई गरीब परिवारों के लिए बड़ा बर्डन (बोझ) बन जाती है। सीमित आमदनी में इतनी राशि जुटा पाना आसान नहीं होता।
    (2) जानकारी का अभाव
    सरकार द्वारा दी जाने वाली स्कॉलरशिप, सब्सिडी और शिक्षा ऋण की इत्तिला (सूचना) समय पर बच्चों और उनके परिवारों तक नहीं पहुँच पाती, जिससे वे इन सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं।
    (3) फर्जी संस्थानों का खतरा
    कई नकली “मर्चेंट नेवी एकेडमी” आकर्षक वादों के नाम पर बच्चों को ठग लेती हैं, जिससे उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद हो जाता है।
    (4) सामाजिक दबाव
    लंबे समय तक घर से दूर रहना कई परिवारों और समाज को क़ुबूल (स्वीकार) नहीं होता, खासकर SC/ST पृष्ठभूमि के बच्चों के लिए यह दबाव और अधिक होता है।
    (5) मानसिक चुनौती
    समुद्र में अकेलापन, सख़्त अनुशासन और लगातार ज़िम्मेदारी हर किसी के बस की बात नहीं होती, और मानसिक संतुलन बनाए रखना एक बड़ी चुनौती बन जाता है।
  2. समाधान और निदान (प्रैक्टिकल गाइडेंस)

(1) सरकारी स्कॉलरशिप और सब्सिडी
SC/ST छात्रों के लिए DG Shipping की विशेष ट्रेनिंग सब्सिडी (प्रशिक्षण अनुदान) उपलब्ध है, जिसके अंतर्गत ₹1 से ₹3 लाख तक की सहायता मिलती है। इसके अलावा राज्य सरकार की पोस्ट-मैट्रिक स्कॉलरशिप (उच्च शिक्षा छात्रवृत्ति) और टॉप-क्लास स्कॉलरशिप (विशेष योग्यता छात्रवृत्ति) भी दी जाती है। यह बच्चों का हक़ (अधिकार) है, कोई एहसान नहीं।

(2) शिक्षा ऋण (एजुकेशन लोन)
SC/ST छात्रों को शिक्षा ऋण कम ब्याज दर पर, कोलेटरल-फ्री (बिना गारंटी) और ईज़ी अप्रूवल (आसान मंज़ूरी) के साथ मिलता है, जिससे आर्थिक दबाव कम होता है।

(3) सही संस्थान का चयन
केवल DG Shipping और IMU से अप्रूव्ड (मान्यता प्राप्त) कॉलेज का ही चयन करें। यह सावधानी बच्चों को ठगी से बचाती है और भविष्य सुरक्षित बनाती है।

(4) परिवार की सक्रिय भूमिका
परिवार को यह समझना होगा कि मर्चेंट नेवी का कोर्स खर्च नहीं, बल्कि इन्वेस्टमेंट (निवेश) है, जो आगे चलकर आत्मनिर्भरता देता है।

(5) मेडिकल और मानसिक तैयारी
स्वास्थ्य, डाइट (आहार), अनुशासन और आत्मविश्वास पर विशेष ध्यान देना ज़रूरी है। इसमें परिवार और संस्थान—दोनों की रिस्पॉन्सिबिलिटी (ज़िम्मेदारी) होती है।

SC/ST बच्चों के लिए विशेष संदेश
समंदर जाति नहीं पूछता,
जहाज़ योग्यता देखता है।
जहाँ लहरें मेहनत से बात करती हैं
और हवा हौसले की परीक्षा लेती है,
वहाँ पहचान नहीं — काबिलियत चलती है।
अगर सही जानकारी,
सही संस्थान
और सही हौसला (जज़्बा) मिल जाए,
तो वही बच्चा—
जो आज हाशिए पर खड़ा है,
कल ब्रिज पर खड़ा होकर जहाज़ चलाएगा।
आज जो नाम से नहीं पहचाना जाता,
कल वही कैप्टन कहलाएगा,
या इंजन रूम से उठकर
चीफ़ इंजीनियर बनेगा।
डर नहीं, भ्रम नहीं—
बस तैयारी, सच्ची मेहनत और आत्मविश्वास।
समंदर सबका है,
और मंज़िल भी।

समापन
मर्चेंट नेवी केवल एक नौकरी नहीं,
यह सम्मान, स्वावलंबन
और वैश्विक पहचान का सशक्त रास्ता है।
आज SC/ST बच्चों के लिए
स्कॉलरशिप भी है,
सब्सिडी भी है,
शिक्षा ऋण (लोन) भी है,
और अवसर भी पूरे खुले हैं।
अब कमी किसी व्यवस्था की नहीं,
कमी है तो बस—
डर छोड़ने की,
सही जानकारी अपनाने की,
और समंदर की ओर पहला क़दम बढ़ाने की।
क्योंकि—
जो लहरों से डर गया,
वह कभी किनारे से आगे नहीं बढ़ा।
और
जो समंदर में उतरा,
वही अपनी क़िस्मत नहीं—
इतिहास भी बनाता है।

संकलन कर्ता हगामी लाल मेघवंशी
रिटायर डिप्टी कमिश्नर, आध्यात्मिक और सामाजिक चिंतक।
9829230966

स्रोत और संदर्भ:
बीबीसी संवाददाता (BBC Reporter) – प्रियंका झा के लेख से प्रेरित एवं
DG Shipping, इंडियन मैरीटाइम यूनिवर्सिटी (IMU),
राज्य SC/ST वेलफेयर विभाग, एनआईओएस (NIOS),
सरकारी वेबसाइट और मान्यता प्राप्त मैरीटाइम इंस्टीट्यूट।

अस्वीकरण: यह जानकारी केवल प्रारंभिक है; अंतिम और प्रमाणिक सूचना हेतु सरकारी विज्ञापन और विषय-विशेषज्ञ शिक्षक की सलाह मान्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *