जोधपुर। AIIMS Jodhpur में रक्त की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए भानु सेवा संस्थान द्वारा 1 मार्च को रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर भानु सेवा संस्थान के उपाध्यक्ष रविशंकर के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित होगा।

संस्थान पदाधिकारियों ने बताया कि अस्पताल में गंभीर मरीजों, थैलेसीमिया पीड़ितों, प्रसूता महिलाओं एवं दुर्घटना घायलों के लिए नियमित रूप से रक्त की जरूरत बनी रहती है। ऐसे में जन्मदिवस को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए रक्तदान शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
संस्थान ने जोधपुर में निवास कर रहे युवाओं, समाजसेवियों और इच्छुक रक्तदाताओं से अपील की है कि वे 1 मार्च को एम्स जोधपुर पहुंचकर रक्तदान करें और मानवता के इस पुनीत कार्य में सहभागिता निभाएं।
आयोजकों ने विश्वास जताया कि शहरवासी उत्साहपूर्वक भाग लेकर शिविर को सफल बनाएंगे और जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी पहल को मजबूती देंगे।
