
• जागो हुक्मरान न्यूज
साहवा | राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर द्वारा हाल ही में घोषित परीक्षा परिणामों में साहवा स्थित महात्मा गॉंधी राजकीय विद्यालय की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और कस्बे का नाम रोशन किया है। इस शानदार उपलब्धि के उपलक्ष्य में विद्यालय परिसर में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक राजेश कलिया ने बताया कि अंग्रेजी माध्यम में संचालित होने के बावजूद विद्यालय में ग्यारहवीं और बारहवीं कला वर्ग की कक्षाएं हिंदी माध्यम में संचालित होती हैं, और इनमें केवल छात्राएं ही अध्ययनरत हैं। दो दिन पूर्व घोषित हुए परीक्षा परिणामों में छात्राओं ने शत-प्रतिशत सफलता अर्जित की है।

उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि निशा सांडेला ने 89.20%, डिम्पल सोनी ने 83.80% और सुनीता मेघवाल ने 80.20% अंक प्राप्त कर विद्यालय में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया है।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए नगर पालिका के चेयरमैन कर्मचंद नैण ने सभी सफल छात्राओं को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। विद्यालय के प्राचार्य केदारमल आसेरी ने विद्यालय टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम के साथ-साथ अनुशासन और संस्कार भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।

इस अवसर पर रूपनाथ भाटी, माल्टा कुमारी, केसरी चंद सोनी, और मनीष कुमार शर्मा ने भी छात्राओं को संबोधित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए मंगलकामनाएं प्रेषित कीं।
इस सम्मान समारोह में गौरीशंकर धेतरवाल, दलिप कुमार सैनी, लांछा, सलमा मिरासी, पुनीता उपाध्याय सहित विद्यालय के समस्त कार्मिक और अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन राजेश कलिया ने किया।
