जैसलमेर। शिक्षा के अधिकार को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए राजस्थान में निजी विद्यालयों में निःशुल्क प्रवेश के लिए आरटीई के तहत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 20 फरवरी 2026 से शुरू होगी, जो 4 मार्च 2026 तक जारी रहेगी। यह प्रक्रिया निःशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम 2009 की धारा 12(1)(ग) के अंतर्गत संचालित की जा रही है।


जिले के ग्रामदानी गांव कबीर बस्ती स्थित खुशी ग्राम विकास एवं शिक्षण संस्थान द्वारा संचालित एम. के. जी. मेमोरियल स्कूल कबीर बस्ती के संस्था प्रधान मनोहर लाल ने जानकारी देते हुए बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए प्री-प्राइमरी (पीपी 5+) तथा कक्षा प्रथम में कुल 25% सीटें आर्थिक रूप से कमजोर एवं वंचित वर्ग के विद्यार्थियों हेतु आरक्षित हैं। पात्र अभिभावकों को निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन आवेदन अनिवार्य रूप से करना होगा।


उन्होंने बताया कि प्रवेश के लिए बच्चों की आयु 5 से 7 वर्ष के मध्य होना आवश्यक है। आवेदन के साथ जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य रहेगा।


प्रवेश हेतु वरीयता क्रम का निर्धारण 6 मार्च 2026 को आयोजित लॉटरी प्रक्रिया द्वारा किया जाएगा, जिसमें दिव्यांग एवं अनाथ बच्चों को प्राथमिकता प्रदान की जाएगी।


आरटीई ऑनलाइन आवेदन संबंधी अधिक जानकारी के लिए अभिभावक विद्यालय समय में कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *