जागो हुक्मरान न्यूज.
जयपुर (सुरेन्द्र सिंह हरसोलिया)। राजकीय महाविद्यालय विद्याधर नगर, जयपुर में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह (शून्य मृत्यु माह) के तहत ‘सीख से सुरक्षा, टेक्नोलॉजी से परिवर्तन’ थीम पर प्रभारी प्राचार्य डॉ. प्रहलाद सहाय बुनकर की अध्यक्षता में विभिन्न कार्यक्रमों के क्रम में सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा विषयक प्रतियोगिता में विजित प्रतिभागियों को आरटीओ इंस्पेक्टर श्रीचंद ढाका व राजकीय मूक बधिर कॉलेज के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सोहनलाल के आतिथ्य में पुरस्कार वितरण किया गया।

कार्यक्रम में सुरक्षा संबंधी आवश्यक कानूनी एवं व्यावहारिक प्रावधानों पर विस्तार से बात करते हुए बताया कि आखिर किन कारणों से सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं तथा इनको रोकने के क्या उपाय किए जा सकते हैं। किसी भी प्रकार की सड़क दुर्घटनाओं को हम व्यक्तिगत, सामूहिक प्रयासों से एवं यातायात नियमों का पालन करते हुए काफी हद तक कम कर सकते हैं। विभिन्न प्रकार के यातायात चिह्नों व संकेतों के संबंध में विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के सम्बन्ध में विस्तार से जानकारी प्रदान कर उन्हें लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की कई व्यावहारिक जिज्ञासाओं के संबंध में भी आवश्यक जानकारी देकर जीवन रक्षा के उपायों की चर्चा की। इस दौरान महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे हमेशा यातायात नियमों का पालन करेंगे तथा दूसरे लोगों को भी इसके लिए जागरूक करेंगे।
महाविद्यालय में सड़क सुरक्षा थीम आधारित निबन्ध व चित्रकला प्रतियोगिता में चारु सिंह प्रथम, संजना जाजोटर व बीना महावर द्वितीय एवं चक्षु शर्मा को तृतीय स्थान प्राप्त करने पर प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किये गये।
इस अवसर पर सांवरमल जाट, डॉ. चेतना शर्मा, डॉ निर्मला कुमावत, गरिमा भास्कर, डॉ. सोनालिका कुमावत, डॉ. बीना कुमारी आदि मौजूद रहे।
