प्रोत्साहन योजनाओं से महिलाओं एवं बालिकाओं का हो रहा सशक्तिकरण
जैसलमेर । अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस-2026 के अवसर पर जिला मुख्यालय पर भव्य जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन “सशक्त नारी – सशक्त राजस्थान” थीम के साथ जिला प्रशासन एवं महिला अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में नगर परिषद सभागार में किया गया। समारोह में जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी मुख्य अतिथि तथा जिला कलेक्टर प्रतापसिंह अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन हनुमानगढ़ में हुआ, जहां मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मातृ शक्ति को महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राज्य स्तरीय समारोह को संबोधित किया। इस संबोधन का जिला स्तर पर वर्चुअल प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने उत्साहपूर्वक सुना एवं देखा।

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक छोटूसिंह भाटी ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में महिलाओं एवं बालिकाओं के कल्याण और उत्थान के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं से महिलाओं को आर्थिक संबल मिला है और वे आत्मनिर्भर बन रही हैं।

उन्होंने बताया कि पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान पुरस्कार, माता यशोदा पुरस्कार जैसी योजनाओं से आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को सम्मानित किया जा रहा है। वहीं लाडो योजना के माध्यम से बालिकाओं को प्रोत्साहन स्वरूप 1 लाख 50 हजार रुपये विभिन्न किश्तों में उनके खातों में जमा कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजीविका के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं स्वरोजगार के अवसर प्राप्त कर रही हैं और प्रदेश में लाखों महिलाएं “लखपति दीदी” बन चुकी हैं।

विधायक भाटी ने बताया कि उन्होंने भी विधायक मद से आंगनवाड़ी केंद्रों के सुदृढ़ीकरण के लिए राशि उपलब्ध कराई है l उन्होंने मातृ शक्ति से आह्वान किया कि वे सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। जिला स्तरीय समारोह में अतिथियों द्वारा पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान पुरस्कार योजना के तहत आशा सहयोगिनी एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को 11-11 हजार रुपये तथा सहायिका को 7 हजार 500 रुपये का प्रतीकात्मक चैक, प्रशंसा पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा माता यशोदा पुरस्कार के अंतर्गत 14 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को क्रमशः 5 हजार 100 रुपये एवं 2 हजार 100 रुपये के चैक देकर सम्मानित किया गया। जैसलमेर परियोजना से कबीर बस्ती-प्रथम की कार्यकर्ता पुष्पा व सत्ता की सहायिका ध्रुव कंवर, सम परियोजना से रामगढ़-प्रथम की कार्यकर्ता अनिता गर्ग व सहायिका दुर्गा देवी, मोहनगढ़ परियोजना से सुल्ताना की कार्यकर्ता द्रोपदी व हमीरनाडा सहायिका समी, नाचना परियोजना से अलीपुरा की कार्यकर्ता रहमत बानों व शेखोवाली सहायिका रेखा पुरोहित, भणियाणा परियोजना से कराडा की कार्यकर्ता मदीना व दांतल सहायिका मीरो देवी, सांकड़ा परियोजना से सुगनपुरा की कार्यकर्ता मूल कंवर व राठौडा सहायिका सुआ तथा फतेहगढ़ परियोजना से भींयासर की कार्यकर्ता दरिया व रासला सहायिका लक्ष्मी कंवर को सम्मानित किया गया l समारोह में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली 18 महिलाओं को भी प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही राजीविका से जुड़ी 70 “लखपति दीदियों” को टेबलेट वितरित किए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत में महिला अधिकारिता विभाग के उप निदेशक अशोक कुमार गोयल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए महिला दिवस सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। समारोह में मुख्य कार्यकारी अधिकारी रश्मि रानी, उपखंड अधिकारी सक्षम गोयल, उप निदेशक महिला एवं बाल विकास सोमेश्वर देवड़ा, सहायक निदेशक बाल अधिकारिता हिम्मत सिंह कविया, समाजसेवी अरुण पुरोहित , महिला पर्यवेक्षक पुष्पा जयपाल सहित बड़ी संख्या में मातृ शक्ति उपस्थित रही। कार्यक्रम का सफल संचालन उप प्रधानाचार्य विजय बल्लाणी ने किया।
