लेखक
सोहनलाल सिंगारिया
सामाजिक चिंतक एवं विश्लेषक

> डिस्क्लेमर
इस लेख में व्यक्त विचार लेखक के निजी, सामाजिक और दार्शनिक विश्लेषण पर आधारित हैं। इनका लेखक के पद या विभाग, या शासकीय कर्तव्यों से कोई संबंध नहीं है। यह एक अकादमिक और सामाजिक जागरूकता की दृष्टि से लिखा गया एक स्वतंत्र लेख है।

प्रस्तावना
एक बूंद पानी और सदियों का सन्नाटा
20 मार्च, 1927, यह भारतीय इतिहास की वह तिथि है, जिसने मानवीय चेतना को एक नई परिभाषा दी। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के महाड़ में डॉ. भीमराव अंबेडकर के नेतृत्व में हजारों की संख्या में लोग ‘चवदार तालाब’ के किनारे एकत्र हुए थे। यह कोई सामान्य भीड़ नहीं थी, बल्कि यह उन लोगों का समूह था जिन्हें हज़ारों वर्षों से ‘अस्पृश्य’ कहकर समाज की मुख्यधारा से बाहर धकेल दिया गया था।

जब बाबा साहेब ने अपनी अंजलि में उस तालाब का जल भरा और उसे अपने होठों से लगाया, तो वह केवल प्यास बुझाने का उपक्रम नहीं था।

वह उस ब्राह्मणवादी और सामंती मानसिकता के विरुद्ध एक वैचारिक चुनौती थी, जिसने धर्म और परंपरा के नाम पर इंसान को पानी जैसे प्राकृतिक अधिकार से भी वंचित कर रखा था।

आज, लगभग 99 वर्ष बाद, जब हम इस दिन को ‘सामाजिक सशक्तिकरण दिवस’ के रूप में देखते हैं, तो एक गंभीर प्रश्न हमारे सामने खड़ा होता है—क्या महाड़ का वह संघर्ष अपनी अंतिम मंजिल तक पहुँच पाया है?

1. इंसान होने का हक: पानी तो बस एक माध्यम था
महाड़ सत्याग्रह का मूल उद्देश्य कभी भी केवल पानी पीना नहीं था।

डॉ. अंबेडकर ने उस ऐतिहासिक सभा को संबोधित करते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा था, “क्या हम यहाँ इसलिए आए हैं कि हमें पीने के लिए पानी मयस्सर नहीं होता?

नहीं! दरअसल, इंसान होने का हमारा हक जताने के लिए हम यहाँ आए हैं।

1923 के ‘बोले प्रस्ताव’ ने सार्वजनिक संपत्तियों के उपयोग का कानूनी अधिकार तो दे दिया था, लेकिन सामाजिक जड़ता ने उसे धरातल पर उतरने नहीं दिया।

बाबा साहेब ने इसी संवैधानिक और प्राकृतिक अधिकार को ‘व्यवहार’ में उतारने का जोखिम उठाया।

महाड़ सत्याग्रह हमें सिखाता है कि कानून चाहे कितना भी प्रगतिशील क्यों न हो, जब तक समाज की मानसिकता में ‘बंधुत्व’ और ‘समानता’ का भाव नहीं आता, वह अधिकार केवल कागजों तक सीमित रहता है।

2. शुद्धिकरण का द्वंद्व: सामाजिक चेतना की कसौटी
सत्याग्रह के बाद जो प्रतिक्रिया हुई, वह भारतीय समाज के आत्म-चिंतन का विषय है। जैसे ही वंचित वर्ग के लोगों ने तालाब का पानी पिया, समाज के एक हिस्से में यह धारणा फैल गई कि तालाब ‘अपवित्र’ हो गया है। इसके समाधान के रूप में तालाब को ‘पंचगव्य’ से शुद्ध करने का प्रयास किया गया।

यह घटना उस भयावह सोच का प्रमाण थी, जो एक हाड़-मांस के इंसान के स्पर्श को तो ‘अपवित्र’ मानती है, लेकिन अमानवीय मान्यताओं को ‘पवित्र’।

विडंबना देखिए, यह मानसिकता आज भी आधुनिक भारत के अलग-अलग कोनों में किसी न किसी रूप में जीवित है।

आज भी जब हम सुनते हैं कि किसी सार्वजनिक जल स्रोत या मंदिर में प्रवेश के बाद उसे ‘धोया’ या ‘शुद्ध’ किया जाता है, तो महसूस होता है कि महाड़ की वह ‘शुद्धिकरण’ वाली सोच आज भी हमारे सामाजिक ताने-बाने को कमजोर कर रही है।

3. आधुनिक युग में सामाजिक चुनौतियाँ
आज हम 21वीं सदी में हैं, तकनीक और विज्ञान की बात कर रहे हैं, लेकिन सामाजिक व्यवहार आज भी पुरानी बेड़ियों में जकड़ा हुआ है।

देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाली खबरें—चाहे वह मूँछ रखने पर अपमान हो, सार्वजनिक आयोजनों में भेदभाव हो या विवाह के समय निकलने वाली बिंदौरी (निकासी) पर रोक हो—यह सब दर्शाती हैं कि ‘समानता’ अभी भी एक सपना है।

जब कोई व्यक्ति अपनी ‘संवैधानिक गारंटी’ को जीवन में उतारने की कोशिश करता है, तो उसे सामाजिक बहिष्कार या हिंसा का सामना करना पड़ता है।

यह साबित करता है कि, समाज का एक हिस्सा आज भी दूसरे व्यक्ति को ‘बराबर का इंसान’ मानने के लिए तैयार नहीं है।

4. शिक्षा: विवेक और समानता का सेतु
बाबा साहेब ने ‘शिक्षित बनो’ का मंत्र दिया था, क्योंकि शिक्षा ही वह प्रकाश है,जो अज्ञानता के अंधकार को मिटा सकता है।

एक शिक्षक और विश्लेषक के रूप में मेरा मानना है कि, शिक्षा का उद्देश्य केवल साक्षरता या नौकरी पाना नहीं, बल्कि ‘मानवीय मूल्यों’ का विकास करना है।

आज भी कई शैक्षणिक संस्थानों में भेदभाव के सूक्ष्म रूप दिखाई देते हैं।

जब तक शिक्षा समाज से ऊंच-नीच के भाव को खत्म नहीं करती और छात्रों में ‘तर्कशीलता’ पैदा नहीं करती, तब तक वह अपना वास्तविक लक्ष्य प्राप्त नहीं कर पाएगी।

हमें ऐसी शिक्षा पद्धति की आवश्यकता है जो छात्रों को यह सिखाए कि ‘जन्म’ नहीं, बल्कि ‘कर्म और नैतिकता’ मनुष्य की पहचान होनी चाहिए।

5. ब्राह्मणवाद और सामंतवाद: सामाजिक समरसता के बाधक
महाड़ सत्याग्रह की अंतिम विजय तब तक संभव नहीं है, जब तक ब्राह्मणवाद और सामंतवाद जैसी संकीर्ण विचारधाराओं का पूर्ण उन्मूलन न हो जाए।

ब्राह्मणवाद
यह किसी जाति विशेष के विरुद्ध नहीं, बल्कि उस ‘मानसिकता’ के विरुद्ध है, जो ऊंच-नीच के श्रेणीबद्ध विभाजन (Graded Inequality) का समर्थन करती है।
यह वह विचार है जो इंसान को जन्म के आधार पर श्रेष्ठ या नीच घोषित करता है।

सामंतवाद
यह वह सामाजिक और आर्थिक ढांचा है, जो संसाधनों और मानवीय अधिकारों पर वर्चस्व बनाए रखने की चेष्टा करता है, और दूसरों को अधीन रखने में गर्व महसूस करता है।

जब तक ये दोनों प्रवृत्तियाँ हमारे सामाजिक व्यवहार में मौजूद हैं, तब तक महाड़ का अधूरा काम पूरा नहीं होगा। डॉ. अंबेडकर ने ‘जाति के विनाश’ (Annihilation of Caste) का जो मार्ग दिखाया था, वह वास्तव में एक ‘समतामूलक समाज’ के निर्माण का रोडमैप था।

6. डिजिटल युग और नई संकीर्णता
आज के डिजिटल दौर में जातिवाद ने नया रूप ले लिया है। इंटरनेट पर नफरत भरे कमेंट्स, जातिगत श्रेष्ठता का प्रदर्शन और रूढ़ियों को बढ़ावा देने वाले संदेश यह साबित करते हैं, कि तकनीक तो बदल गई है, लेकिन मन नहीं।

लोग अपने उपनामों और काल्पनिक श्रेष्ठता पर गर्व करने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म्स का सहारा ले रहे हैं, जो समाज में फिर से दूरियां पैदा कर रहा है।

क्या यह वही भारत है जिसका सपना हमारे पूर्वजों ने देखा था?

7. निष्कर्ष: महाड़ की मंजिल अभी दूर है
महाड़ सत्याग्रह हमें याद दिलाता है कि अधिकार कभी भी उपहार में नहीं मिलते, उन्हें अपनी वैचारिक दृढ़ता से हासिल करना पड़ता है।

मार्टिन लूथर किंग जूनियर ने कहा था, अन्याय कहीं भी हो, वह हर जगह के न्याय के लिए खतरा है। महाड़ सत्याग्रह की विजय तब मानी जाएगी, जब उसकी अंतिम परिणति सामंतवाद और संकीर्णता के अंत के रूप में हो।

इसकी वास्तविक मंजिल तब आएगी जब कन्याकुमारी से कश्मीर तक कोई भी व्यक्ति अपनी पहचान के कारण अपमानित न हो।

जिस दिन संविधान की प्रस्तावना में लिखा ‘बंधुत्व’ हमारे दैनिक आचरण का हिस्सा बन जाएगा, उसी दिन महाड़ का वह संघर्ष अपनी पूर्णता को प्राप्त करेगा। अत: आज के दिन हमें केवल प्रतीकों की पूजा नहीं करनी है, बल्कि उन मूल्यों को अपने जीवन में उतारना है। हमें एक ऐसा समाज बनाना है जहाँ चवदार तालाब का पानी केवल प्रतीक न हो, बल्कि हर नागरिक के लिए बिना किसी भेदभाव के उपलब्ध सम्मान और अवसरों का समंदर हो,फैसला अब समाज को करना है—क्या हम अतीत की बेड़ियों में बंधे रहेंगे, या एक न्यायपूर्ण और समतावादी भविष्य की ओर कदम बढ़ाएंगे?

लेखक
सोहन लाल सिंगारिया
सामाजिक चिन्तक एवं विश्लेषक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *