जैसलमेर। जिले के पारेवर गांव की नागवंशी कॉलोनी स्थित भीमकुंज में रविवार शाम को कांशीराम की 92वीं जयंती हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर बहुजन समाज के महानायक को नमन किया।


भीम आर्मी के जिला मीडिया प्रभारी धर्मेन्द्र राठौड़ ने बताया कि जयंती समारोह का आयोजन डॉ. अम्बेडकर जन कल्याण एवं ग्राम विकास संस्था, पारेवर द्वारा किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने बहुजन आंदोलन के प्रणेता मा. कांशीराम की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर माल्यार्पण किया तथा उनके संघर्षमय जीवन और सामाजिक न्याय के लिए किए गए योगदान को याद करते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
समारोह को संबोधित करते हुए भारत मुक्ति मोर्चा राजस्थान के प्रदेश प्रभारी शिवदानाराम राठौड़ ने मा. कांशीराम के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने समाज के वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों को संगठित कर उन्हें अधिकारों के प्रति जागरूक करने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनके विचार आज भी समाज को समानता, शिक्षा और संगठन की राह दिखाते हैं।
कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष जीतमलराम राठौड़, व्याख्याता लीलाधर राठौड़, धर्मेन्द्र राठौड़, हुकमाराम, रोहित, वासु, समीर, गणेश, हसीना और प्रियंका सहित बहुजन समाज के कई लोग उपस्थित रहे। महिला शक्ति की ओर से केकू देवी, मरेमी देवी और गुजर देवी सहित कई ग्रामीण महिलाएं भी समारोह में शामिल हुईं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि वे बामसेफ के संस्थापक मा. कांशीराम के बताए मार्ग पर चलते हुए सामाजिक जागरूकता और समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *