जैसलमेर। जिले की मोहनगढ़ पंचायत समिति के अधीन ग्राम पंचायत नेहड़ाई मुख्यालय स्थित स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल की छात्रा हर्षिता का जवाहर नवोदय विद्यालय की कक्षा 6 प्रवेश परीक्षा में चयन होने पर पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। परिणाम घोषित होने के बाद से ही हर्षिता और उनके परिवार को बधाई देने वालों का सिलसिला लगातार जारी है।


हर्षिता ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और परिजनों को देते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आगे भी निरंतर मेहनत कर अपने माता-पिता, गांव और जिले का नाम रोशन करने का प्रयास करेंगी।
हर्षिता के पिता चेतन राम मेघवाल डाकघर अभिकर्ता हैं, जबकि माता कुंता आशा सहयोगिनी होने के साथ गृहणी भी हैं। हर्षिता की दादी श्रीमती सूरज देवी ने बताया कि हर्षिता बचपन से ही सरल स्वभाव और अनुशासित है। वह नियमित रूप से प्रतिदिन 4 से 5 घंटे पढ़ाई करती है। उन्होंने बताया कि हर्षिता की सफलता में उसकी मेहनत के साथ-साथ विद्यालय परिवार का मार्गदर्शन भी सराहनीय रहा है।


हर्षिता की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों ने गर्व व्यक्त करते हुए उसे उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *