जैसलमेर। बामसेफ के संस्थापक एवं बहुजन आंदोलन के प्रखर प्रेरणास्रोत बहुजन नायक मान्यवर कांशीराम की 92वीं जयंती रविवार को जैसलमेर मुख्यालय स्थित अंबेडकर कॉलोनी के पास गफूर भट्ठा स्थित जय भीम सदन में श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई।

इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने कांशीराम की तस्वीर पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की तथा उनके बहुजन समाज के उत्थान के लिए किए गए संघर्ष और योगदान को स्मरण करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम का आयोजन जय भीम सदन व भारतीय विद्यार्थी मोर्चा के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतीय विद्यार्थी मोर्चा के जिला संयोजक केशराराम बारूपाल ने कांशीराम के जीवन और उनके सामाजिक आंदोलन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने बहुजन समाज को संगठित कर सामाजिक न्याय की लड़ाई को एक मजबूत दिशा प्रदान की।उनके विचार आज भी समाज को शिक्षा, संगठन और जागरूकता के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।


इस अवसर पर अध्यापिका भारती राठौड़ ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज में शिक्षा, जागरूकता और एकता के माध्यम से ही सशक्त बदलाव संभव है। उन्होंने उपस्थित बच्चों, महिलाओं और युवाओं को कांशीराम के आदर्शों को अपनाने और समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में डॉ. दिनेश कुमार हिंगड़ा, भागीरथ जयपाल, पप्पूराम कुंडल, अभिषेक बारूपाल, कानाराम कुंडल, बसंती देवी बारूपाल सहित बड़ी संख्या में मातृ शक्ति, स्थानीय नागरिक एवं बच्चों की सहभागिता रही। कार्यक्रम के अंत में बच्चों को मिष्ठान वितरित कर जयंती समारोह का समापन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *