जैसलमेर। सीमांत जिले जैसलमेर के मुख्यालय स्थित अमर शहीद सागरमल गोपा कॉलोनी में कॉलोनीवासियों की एक ऐतिहासिक एवं उत्साहपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को लेकर ठोस और दूरगामी निर्णय लिए गए।

बैठक की अध्यक्षता श्याम सुंदर मीणा ने की तथा संचालन तैय्यब खान ने किया। बैठक में पेयजल आपूर्ति, सिवरेज निर्माण, साफ-सफाई व्यवस्था, सड़क सुधार, सुरक्षा प्रबंधन सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं पर गंभीर और सार्थक चर्चा हुई l

कॉलोनीवासियों ने एकजुट होकर क्षेत्र को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और आदर्श आवासीय क्षेत्र के रूप में विकसित करने का सामूहिक संकल्प लिया।

इस अवसर पर सर्वसम्मति से “अमर शहीद सागरमल गोपा कॉलोनी सेवा समिति” का विधिवत गठन किया गया। साथ ही समिति को सोसाइटी के रूप में पंजीकृत कराने का प्रस्ताव पारित किया गया, जिससे विकास कार्यों को कानूनी मान्यता, पारदर्शिता और संस्थागत मजबूती मिल सके।

यह निर्णय कॉलोनी के सुनियोजित एवं दीर्घकालीन विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। समिति के संरक्षक श्याम सुंदर मीणा की उपस्थिति में सर्वसम्मति से निर्विरोध पदाधिकारियों का चयन किया गया। जिसमें अध्यक्ष पद पर आशाराम तंवर , उपाध्यक्ष पद पर लालसिंह सोढ़ा , सचिव पद पर मूलाराम तथा कोषाध्यक्ष पद हेतु पीराराम को चुना गया वहीं श्रीमती सीता देवी को महिला प्रतिनिधि बनाया गया l

नवनियुक्त अध्यक्ष आशाराम तंवर ने अपने संबोधन में कहा कि कॉलोनी के विकास, पारदर्शिता और सामुदायिक सहभागिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने सभी कॉलोनीवासियों से सक्रिय सहयोग का आह्वान करते हुए भरोसा दिलाया कि समिति जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करेगी।
बैठक में चंदन सिंह, टीकमा राम, सवाईराम ईणखिया, द्वारका राम, धर्मेंद्र कुमार, रमेश सिंह, सवाई गोयल, प्रेम कुमार, दीपाराम, अशोक कुमार, दिवेश कुमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एकता, सहयोग और पारदर्शिता को समिति की मूल भावना बताते हुए कॉलोनी के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्धता दोहराई।
बैठक का समापन उत्साह, सकारात्मक ऊर्जा और विकास के नए संकल्प के साथ हुआ। यह आयोजन कॉलोनी के सुनहरे भविष्य की दिशा में एक सशक्त और ऐतिहासिक पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *